कांग्रेस के OROP का मतलब है ‘ऑनली राहुल ऑनली प्रियंका’: शाह

punjabkesari.in Sunday, Feb 03, 2019 - 08:35 AM (IST)

अमरोहा(उप्र): BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने ‘वन रैंक वन पेंशन’(OROP) को नए ढंग से परिभाषित करते हुए कहा कि कांग्रेस के लिए यह ‘ऑनली राहुल, ऑनली प्रियंका’ है। शाह ने बूथ कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा में बर्फीले पहाडों पर तैनात जवान OROP की मांग कर रहे थे लेकिन कांग्रेस इसे 70 वर्षों में भी नहीं दे सकी थी लेकिन मोदी सरकार ने इस मांग को एक ही वर्ष में पूरा कर दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का ओआरओपी है जवानों के लिए लेकिन कांग्रेस का वन रैंक वन पेंशन है ‘ऑनली राहुल ऑनली प्रियंका’। शाह ने कहा कि मोदी जवानों के लिए काम कर रहे हैं और वह (कांग्रेस) अपने परिवार के लिए काम कर रहे हैं जो अपने परिवार के लिए काम करते हैं, वे देश को आगे नहीं बढ़ा सकते हैं।

उन्होंने शुक्रवार को लोकसभा में पेश अंतरिम बजट की सराहना करते हुए कहा कि जब पीयूष गोयल बजट पेश कर रहे थे तो कांग्रेस अध्यक्ष (राहुल गांधी) के चेहरे पर हवाइयां उड रही थीं। हंसी गायब हो गई थी, जैसे ही बजट सुना, उनको लगा कि अब नंबर नहीं लगने वाला है, दलगत राजनीति से ऊपर उठकर प्रधानमंत्री जो रियायतें लेकर आए, वह (राहुल)उसका स्वागत नहीं कर पाए। इतना बड़ा दिल नहीं है उनके पास। शाह इससे पहले कानपुर और लखनऊ में बूथ कार्यकर्ताओं को संबोधित कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि उनसे अक्सर पूछा जाता है कि 74 सीटें पार्टी कैसे जीतेगी। जनता देख सकती है कि एक करोड़ से अधिक कार्यकर्ता उत्तर प्रदेश के सभी बूथों पर फैले हैं।

शाह ने सपा-बसपा गठबंधन पर कहा कि ये गठबंधन-गठबंधन करते हैं। गठबंधन की चिंता मत कीजिए, दो इकट्ठे हैं, और दो इकट्ठे हो जाएं या चार-पांच इकट्ठे हो जाएं ,भाजपा की राज्य में 73 लोकसभा सीटें हैं, 74 होने वाली हैं, 72 नहीं होंगी। कार्यकर्ताओं के महत्व पर जोर देते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि नेता नहीं बल्कि कार्यकर्ता ही पार्टी की जीत सुनिश्चित कर सकते हैं।

सपा मुखिया अखिलेश यादव और बसपा प्रमुख मायावती पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि मैं मायावती और अखिलेश से पूछता हूं कि उत्तर प्रदेश के विकास के लिए कितना पैसा दिया था, उन्होंने 3 हजार 30 करोड़ रुपए दिए थे लेकिन मोदी सरकार बनने के बाद 10 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा धनराशि उत्तर प्रदेश के विकास के लिए दी गई है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश से आज भूमाफिया भाग गए हें। भाजपा सरकार में राज्य में कानून का राज स्थापित हो रहा है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि देश की सुरक्षा ना मायावती कर सकती हैं, ना अखिलेश और ना ही रालोद प्रमुख अजित सिंह। देश की सुरक्षा सिर्फ मोदी सरकार कर सकती है।

शाह ने कहा कि देश को चलाने के लिए और देश की सुरक्षा के लिए एक मजबूत नेता की जरूरत है और सिर्फ मोदी ही ये काम कर सकते हैं। शाह ने राम मंदिर पर कहा कि हम सभी चाह रहे हैं कि अयोध्या में राम जन्मभूमि पर जल्द से जल्द राम मंदिर का निर्माण हो। भाजपा का निश्चय है कि मंदिर उसी स्थान पर बने लेकिन जब भी मंदिर की बात अदालत में होती है तो कांग्रेस के वकील उच्चतम न्यायालय पहुंच जाते हैं। उन्होंने कहा कि मैं राहुल गांधी, मायावती और अखिलेश से पूछना चाहता हूं कि वे राम मंदिर पर क्या राय रखते हैं। वे जनता को यह कहते हुए चुनाव में जाएं कि वे उसी स्थान पर मंदिर बनाना चाहते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Anil Kapoor

Recommended News

Related News

static