BJP राज में देश सांस लेने में भी महसूस कर रहा है संकटः अखिलेश यादव

punjabkesari.in Saturday, Jun 05, 2021 - 06:21 PM (IST)

लखनऊ:  विश्‍व पर्यावरण दिवस पर शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा प्रहार करते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा जब से सत्ता में आई है, पर्यावरण को सबसे ज्यादा क्षति पहुंची है। पूर्व मुख्यमंत्री यादव ने यहां जारी एक बयान में कहा, ''वनसंपदा पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं और प्रकृति का असंतुलन बढ़ता गया है, फलतः वातावरण में गर्मी बढ़ रही है, तमाम उपयोगी संसाधनों का अभाव हो रहा है तथा ऋतु चक्र में भी बदलाव परिलक्षित हो रहा है।''

उन्होंने कहा, ''उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार हर वर्ष वृक्षारोपण अभियान चलाती है लेकिन आज तक इस बात का ब्यौरा नहीं दे पाई है कि कहां कितने पौधे, किस वर्ष उसके शासनकाल में लगे, इनमे कितने पौधे बचे।'' पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया, '' भाजपा सरकार ने पेड़ों की आड़ में बजट का बंदरबांट जमकर किया है और उसका ताजा दावा इस वर्ष 30 करोड़ पेड़ लगाने का है।'' उन्होंने तंज किया कि 24 करोड़ की आबादी वाले प्रदेश में नए-पुराने हिसाब से तो हर घर में पेड-पौधा उग आना चाहिए लेकिन झूठ और नफरत के पौधे लगाने वाले भाजपाई पर्यावरण के साथ खिलवाड़ करते हैं और उन्होंने पौधारोपण को मजाक बना दिया है।

यादव ने कहा,‘‘पर्यावरण संरक्षण के बारे में भाजपा जहां झूठे दावे करती आई है और फाइलों में पेड़ उगाती रही है वहीं समाजवादी सरकार में पर्यावरण की दिशा में ठोस कदम उठाए गए थे। समाजवादी पार्टी के समय वृहद वृक्षारोपण का गिनीज बुक में विश्व रिकार्ड, बुंदेलखंड में जल संरक्षक तालाब एवं हरित पार्क का विकास किया गया।'' उन्होंने कहा कि 'समाजवादी सरकार के समय ही एशिया का सबसे बड़ा पार्क जनेश्वर मिश्र पार्क, गोमती रिवर फ्रंट, लोहिया पार्क बने जहां सुबह-शाम लोग खुली हवा में सांस लेते हैं और स्वास्थ्य लाभ करते हैं लेकिन आज भाजपा राज में देश सांस लेने में भी संकट महसूस कर रहा है। 

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Moulshree Tripathi

Recommended News

Related News

static