पुराने विवाद के चलते व्यक्ति ने विधवा महिला को जिंदा जलाया, हालत गंभीर

punjabkesari.in Friday, Jun 01, 2018 - 06:12 PM (IST)

मऊः उत्तर प्रदेश के मऊ जिले से बेहद दिलदहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक 50 वर्षीय महिला को गांव के ही एक व्यक्ति ने जिंदा जला डाला। वहीं महिला की चीख पुकार सुनकर आस-पड़ोस के लोग दौड़े चले आए। उन्होंने महिला को अस्पताल में भर्ती कराया। महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।

जानकारी के मुताबिक मामला हलधरपुर थाना के रतनपुरा गांव का है। यहां की रहने वाली विधवा महिला रीता देवी का गांव के ही हरेंद्र गुप्ता से पुराना विवाद चल रहा था। वहीं महिला को घर में अकेले देखकर हरेंद्र ने महिला के ऊपर मिट्टी का तेल डाल दिया और उसे आग लगा दी। महिला की चीख पुकार सुनकर आस-पड़ोस दौड़े चले आए। उन्होंने झुलसी महिला को अस्पताल पहुंचाया। यहां महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है।

बता दें कि हरेंद्र आए दिन अकेली विधवा महिला को प्रताड़ित करता था, हालांकि पीड़ित महिला के पति के 2 वर्ष पूर्व आकस्मिक रुप से मौत हो गई थी। महिला के 2 बेटे 2 बेटियां है। बेटियों की शादिया हो चुकी है। घटना के समय महिला के दोनों बेेटे घर पर नहीं थे। महिला का बडा बेटा संन्तोष रतनपुरा बाजार में अपनी दुकान चलाता है और छोटा बेटा मुम्बई में मजदूरी का काम करता है।

इस मामले में अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हलधरपुर थाना क्षेत्र के रतनपुरा गांव में एक महिला को जलाने का मामला प्रकाश में आया है। महिला की हालत गंभीर है। जिसे जिला चिकित्सालय से वाराणसी रेफर कर दिया गया है। पीड़ित परिवार की तरफ से अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। महिला का इलाज चल रहा है। पीड़ित परिवार की तरफ से जो तहरीर दी जाएगी उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Tamanna Bhardwaj

Recommended News

Related News

static