चुनावी रंजिश से दो पक्षों में भिड़ंत; जमकर चले लाठी-डंडे और हुई पत्थरबाजी, 9 लोग घायल..5 की हालत नाजुक
punjabkesari.in Monday, Nov 17, 2025 - 12:47 PM (IST)
फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में प्रधानी चुनाव की पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट और पत्थरबाजी हो गई। अचानक हुए इस बवाल से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। झगड़े में 9 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पहले नजदीकी सीएचसी में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को जिला अस्पताल के बाद कानपुर रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि घायल लोगों में से 5 की हालत अभी नाजुक बनी हुई है।
अब जानिए पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, ये घटना चांदपुर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव की है, जहां के पूर्व प्रधान अरविंद सिंह और विपक्षी नरेंद्र सिंह के बीच काफी समय से चुनावी रंजिश चली आ रही है। बताया जा रहा है कि शनिवार देर रात अरविंद सिंह अपने समर्थकों के साथ नरेंद्र सिंह के घर पहुंच गए। इन लोगों के हाथों में लाठी-डंडे और पत्थर थे। आरोप है कि गाली-गलौज करते हुए उन्होंने घर पर हमला कर दिया।
दोनों पक्षों के बीच चले जमकर लाठी-डंडे
इसके बाद नरेंद्र सिंह और उनके समर्थक भी सामने आ गए और दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले और पत्थरबाजी हुई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। पीड़ित पक्ष ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने इस मामले में 28 नामजद और 35 अज्ञात लोगों सहित कुल 63 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है। इनमें वीर सिंह, शिवबरन सिंह, कल्लू सिंह, जनक सिंह, सौरव सिंह, अवधेश सिंह, रणधीर, बशीर, जुल्फिकार, अन्नू सिंह, तनु सिंह, हरगोविंद, डिंपल, ननका पाल, राम निषाद, रामवीर, अजय राज सिंह, प्रमोद सिंह, सत्यम सिंह का नाम शामिल है। तनाव की स्थिति को देखते हुए एसपी ने गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है।

