मेला ककोड़ाः लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी, ब्रह्म मुहूर्त में शुरू हो गया स्नान, सुबह से शाम तक उमड़ता रहा जनसैलाब
punjabkesari.in Tuesday, Nov 28, 2023 - 08:21 PM (IST)
कादरचौक (बदायूं): मिनी कुंभ कहा जाने वाले मेला ककोड़ा में कार्तिक पूर्णिमा के दिन सोमवार को जनसैलाव उमड़ता नजर आया। यहां सुबह से लेकर शाम तक लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाई और पूजा अर्चना कर मन्नतें मांगी। दिनभर गंगा मइया के जयकारे गूंजते रहे। मेले में भीड़ के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात रहा।

श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाना शुरू
मेला ककोड़ा में रविवार को रातभर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। ब्रह्म मुहूर्त में सुबह चार बजे से श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाना शुरू कर दिया। गंगा घाट पर पहले से कल्पवास कर रहे साधू-संतों ने सबसे पहले स्नान किया। सुबह से लेकर दोपहर बाद तक ककोड़ा गंगा घाट पर जनसैलाब उमड़ता रहा। भारी भीड़ के चलते मेला ककोड़ा में पैर रखने की जगह नहीं थी। नावों में बैठकर निगरानी कर रहे पुलिस कर्मी लोगों को गहरे पानी में न जाने की हिदायत देते रहे। दोपहर तक स्नान करने वाली की भीड़ ज्यादा रही। उसके बाद भीड़ कुछ कम हुई तो लोगों ने आराम से स्नान किया। भीड़ की वजह से गंगा घाट तक पहुंचने के लिए लोगों को खासी ओर जद्दोजहद करने पड़ी। भीड़ की वजह से मेले में देर से पहुंचे लोगों ने शाम को गंगा स्नान किया। क्योंकि दोपहर तक तो गंगा के किनारे पैर रखने को जगह नहीं थी। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गंगा किनारे कई स्थानों पर भंडारे का आयोजन किया गया।

जुआ खेलने को लेकर बवाल, हुई फायरिंग
बदायूं: मेला ककोड़ा मेंह में हर बार की तरह इस बार भी पुलिस प्रशासन ने जुआ और शराब रोकने का दावा किया था। पुलिस प्रशासन ने तंबुओं में होने वाले जुआ की निगरानी के लिए विशेष टीमों का गठन करने का दावा किया था, लेकिन ऐन वक्त पर पुलिस-प्रशासन के सभी दावे घरे रह गए। सुरक्षा-व्यवस्था को चुनौती देते हुए मेले में जुआ के फड़ लगे। यहां एक फड़ पर जुआ को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। फिर दोनों से फायरिंग की गई, जिसमें गोली लगने से एक युवक घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा- तफरी मच गई।

