ताज का दीदार करने आई विदेशी महिला से छेड़छाड़, पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने लिया बड़ा एक्शन

punjabkesari.in Sunday, Apr 06, 2025 - 08:33 PM (IST)

आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा में ताजमहल घूमने आई चेक गणराज्य की महिला पर्यटक से छेड़छाड़ के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि घटना तीन अप्रैल को हुई थी और पुलिस की गहन जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने बताया कि पीड़ित महिला ने पर्यटन थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसमें आरोप लगाया गया कि शनिवार दोपहर करीब एक बजे शमशान घाट रोड पर टहलते समय उसके साथ छेड़छाड़ की गयी। महिला ने शिकायत में आरोप लगाया कि आरोपी ने उसे गलत तरीके से छुआ और परेशान किया।

ताज सुरक्षा के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) सैयद अरीब अहमद ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और कई टीमों तैनात की गयीं। उन्होंने बताया कि इलाके से सीसीटीवी फुटेज की जांच की गयी और आरोपी को पकड़ लिया गया। अधिकारी ने बताया कि महिला ने रविवार को आरोपी की पहचान की, जिसके बाद आरोपी को विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद जेल भेज दिया गया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static