मस्जिद पर गिरा गुलाल, पुलिस ने हिन्दू पक्ष को बेरहमी से पीटा, थानेदार मुर्दाबाद के लगे नारे

punjabkesari.in Sunday, Mar 16, 2025 - 04:20 PM (IST)

आजमगढ़ (शुभम सिंह) : यूपी के आजमगढ़ जिले के जहानागंज थाना के प्रभारी वीरेंद्र वर्मा के खिलाफ बड़ी संख्या में लोगों ने थाने पहुंचकर नारेबाजी की। आरोप है कि थाना प्रभारी, मस्जिद में रंग गिरने पर ग्रामीणों को दरवाजा तोड़कर उठा लाए और जमकर पीटा। यह पूरा मामला शनिवार की रात का बताया जा रहा है। ग्रामीणों ने एसपी से थानेदार की शिकायत की है।           

जहानागंज थाना क्षेत्र के बड़हलगंज होली के दिन गांव के लोग होली खेल रहे थे। होली का जुलूस निकाला गया जोकि गांव के पोखरा से कुड़ियारी तक गया और कुड़ियारी से वापस होकर पोखरे पर लौट आया। इसी दौरान होली खेलते समय रास्ते में पड़ने वाली मस्जिद पर अबीर गिर गया। जिसको लेकर प्रधान महबूब अली सहित बड़ी संख्या में लोगों ने विरोध किया। मामले की जानकारी मिलने के बाद पीएसी आ गई और पुलिस और पीएसी ने समझा बूझाकर मामले को शांत कर दिया। 

हिन्दू पक्ष का आरोप 
15 मार्च को रात्रि लगभग 9:00 बजे हनुमान मंदिर पर भजन कीर्तन का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान योजना बनाकर असलहे और लाठी-डंडों से लैस होकर महबूब अली ने आपत्तिजनक गालियां दीं। साथ ही जान से मारने की नीयत से दयाशंकर, राजेंद्र, सोनू सहित कई लोगों पर हमला कर दिया। हमले में दया शंकर को गंभीर चोटें आई हैं जिनका इलाज चल रहा है। जानकारी मिलने पर 15 मार्च को रात 1:00 बजे बड़ी संख्या में पुलिस हम लोगों के घरों में गाली गलौज करते हुए घुस गई। पुलिस वालों ने लोगों को पकड़कर पीटा। जोकी CCTV में कैद हो गया। दरवाजे तोड़ दिए और लगभग 10 लोगों को थाने उठा ले गई।

पीड़ित महेश जायसवाल ने कहा कि जहानागंज थाने की पुलिस प्रधान महबूब अली के दबाव में काम कर रही है। जिस तरह से घर में घुसकर हम लोगों के साथ जहानागंज थाने की पुलिस ने मारपीट की है। निश्चित रूप से बहुत दुखद है। हम लोगों की मांग है कि ऐसे दोषी पुलिस कर्मियों को बर्खास्त किया जाना चाहिए। गांव के लोगों ने इस पूरे मामले की शिकायत आजमगढ़ के एसपी हेमराज मीणा और डीआईजी सुनील कुमार सिंह से भी की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static