अलीगढ़, सहारनपुर में इंटरनेट सेवाएं बंद, CAB के खिलाफ प्रदर्शन पर रोक

punjabkesari.in Friday, Dec 13, 2019 - 01:46 PM (IST)

अलीगढ़ः उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिला में प्रशासन ने नागरिकता संशोधन विधेयक के खिलाफ महापौर के नेतृत्व में आयोजित होने वाले प्रदर्शन की इजाजत देने से इनकार कर दिया जिससे गहमागहमी का माहौल दिखा। प्रशासन ने अलीगढ़ के साथ सहारनपुर जिले में इंटरनेट सेवाएं बृहस्पतिवार रात 12 बजे से शुक्रवार शाम पांच बजे तक के लिए बंद कर दी हैं।

जिलाधिकारी चंद्र भूषण सिंह ने बताया कि कैब के खिलाफ महापौर मोहम्मद फुरकान की अगुवाई में आयोजित होने वाले विरोध प्रदर्शन के आयोजन के लिए कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए इजाजत नहीं दी गई है। संवेदनशील क्षेत्रों में यह रिस्क नहीं लिया जा सकता है। डीएम ने सभी कंपनियों की  इंटरनेट सेवाओं को निश्चित समय के लिए बंद कर दिया है।

उन्होंने बताया कि अलीगढ़ के साथ सहारनपुर में भी इंटरनेट सेवाओं को सावधानी के तौर पर बृहस्पतिवार रात 12 बजे से शुक्रवार शाम 5 बजे तक प्रतिबंधित कर दिया गया है। इस बीच, अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में शिक्षक संघ और छात्रों के CAB के खिलाफ प्रदर्शन से पहले कैंपस में अभूतपूर्व सुरक्षा बंदोबस्त कर दिए गए हैं।

प्रदर्शनकारियों की बाब-ए-सैयद गेट से यूनिवर्सिटी सर्किल तक मार्च निकालने और जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपने की योजना है। लेकिन पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर सर्किल तक आने वाले तमाम रास्तों को बंद कर दिया है। बताया जा रहा है कि अब छात्र बाब-ए-सैयद गेट तक मार्च निकालेंगे।

आगे बता दें कि सहारनपुर में शुक्रवार को जमीयत उलेमा-ए-हिंद ने विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया है। इस प्रदर्शन से पहले इंटरनेट सेवाओं को बंद कर दिया गया। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इससे पहले सहारनपुर के देवबंद में नागरिकता संशोधन बिल के विरोध में मदरसा छात्रों ने सहारनपुर मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे पर जाम लगाया। इस दौरान उन्होंने पुलिस पर पथराव और वाहनों में तोड़फोड़ भी की थी।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Tamanna Bhardwaj

Related News

static