दहेज के लिए पति ने पत्नी को दी मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना, नहीं झेल सकी दर्द तो सुनीता ने पूरा घर किया बर्बाद
punjabkesari.in Saturday, Feb 15, 2025 - 07:46 PM (IST)

बलिया : उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से दहेज उत्पीड़न का ऐसा मामला सामने आया जिसने सभी के होश उड़ा दिए हैं। यहां 30 वर्षीय महिला ने दहेज के लिए अत्यधिक मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न से तंग आकर जहर खा लिया। जिससे महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच में जुटी पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पति करता था मारपीट
पूरा मामला जिले के गढ़वार थाना क्षेत्र के कुकुराहा गांव का है। 30 वर्षीय सुनीता ने दहेज प्रताड़ना से तंग आकर जहर खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतका की मां सीमा देवी ने गढ़वार थाने में शिकायत दर्ज कराई। सीमा देवी ने सुनीता के पति जयलाल राजभर पर आरोप लगाया कि वह उसे लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित करता था। सुनीता के साथ आए दिन मारपीट करता था। जयलाल राजभर के उत्पीड़न से परेशान होकर सुनीता ने यह घातक कदम उठाया है।
पुलिस ने छापा मारकर आरोपी को किया गिरफ्तार
सीमा देवी की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। गुरुवार दोपहर पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी जयलाल राजभर चोगड़ा चट्टी नहर पुल के पास मौजूद है। पुलिस टीम ने आनन-फानन में छापा मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि आरोपी जयलाल राजभर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं और दहेज निषेध अधिनियम (डॉरी एक्ट) की धारा 3/4 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। साथ ही सभी कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया है।