CM साहब, मेरे पति की जान पर मंडरा रहा खतरा! पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद की पत्नी महाराजी देवी ने योगी से लगाई सुरक्षा की गुहार
punjabkesari.in Wednesday, Oct 01, 2025 - 11:49 AM (IST)

Lucknow News: लखनऊ की जेल में समाजवादी पार्टी के नेता और पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति पर हमला हो गया। जेल के अस्पताल में भर्ती गायत्री प्रसाद की एक दूसरे कैदी से कहासुनी हुई थी। इसी विवाद के बाद वह कैदी गुस्से में आकर उन पर टूट पड़ा। हमले में गायत्री प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर पर कई टांके लगाए गए हैं। इलाज के लिए उन्हें देर रात लखनऊ के केजीएमयू अस्पताल के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया।
राजनीतिक हलचल तेज, अखिलेश यादव ने की निष्पक्ष जांच की मांग
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, इस हमले की खबर आते ही राजनीतिक हलचल शुरू हो गई है। समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने इस मामले की निष्पक्ष और न्यायिक जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यूपी में अब कोई सुरक्षित नहीं है और इस तरह की घटनाएं चिंता का विषय हैं। केजीएमयू ट्रामा सेंटर में भर्ती पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति ने कहा कि जिनका नाम विश्वास है, वह एक शातिर अपराधी है और जेल में काफी दिन से बंद है। उन्होंने बताया कि उनके बीच कोई विवाद नहीं था, लेकिन अचानक हमला कर दिया गया। उन्होंने कहा कि हमारी जान बच गई है।
परिवार पहुंचा अस्पताल, पत्नी ने लगाई सुरक्षा की गुहार
बताया जा रहा है कि हमले की जानकारी मिलते ही गायत्री प्रसाद का परिवार भी अस्पताल पहुंच गया। उनकी पत्नी महाराजी देवी ने कहा कि उन्हें खबर मिली कि उनके पति पर हमला हुआ है, इसलिए वे अस्पताल आई हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से अपील की कि उनके पति की सुरक्षा के लिए ध्यान दिया जाए क्योंकि उनकी जान खतरे में है। मिली जानकारी के अनुसार, जेल में सफाई के काम में लगे एक कैदी और पूर्व मंत्री के बीच बहस हुई, जो गुस्से में बदल गई और आरोपी कैदी ने हमला कर दिया। घायल पूर्व मंत्री को तुरंत जरूरी इलाज दिया गया और अब उनकी हालत स्थिर है। वहीं यह मामला अभी भी जांच के दायरे में है और आगे की कार्रवाई पुलिस कर रही है।