मैनपुरी उपचुनाव: प्रचार के दौरान एक सुर में नजर आए चाचा- भतीजा,सरकार को जमकर घेरा
punjabkesari.in Monday, Nov 21, 2022 - 04:11 PM (IST)

मैनपुरी : जैसे- जैसे मैनपुरी उपचुनाव नजदीक आ रहा है। उपचुनाव का प्रचार जोर शोर से बढ़ता जा रहा है। अपनी पत्नी को जिताने व पिता की विरासत बचाने के लिए चाहे चाचा शिवपाल को मनाना हो या सरकार पर तीखा से तीखा हमला करना सपा सुप्रीमो कोई भी मौका नहीं छोड़ रहे है। इसी दौरान समाजवादी पार्टी के दिग्गज नेताओं ने सोमवार को जसवंत नगर में प्रचार कर डिंपल के लिए वोट मांगा इस दौरान शिवपाल सिंह यादव, रामगोपाल यादव व अखिलेश यादव ने भाजपा और सरकार पर जमकर हमला बोलने के साथ ही सपा प्रत्याशी को ज्यादा से ज्यादा वोटों से जीताने की अपील किया।
भाजपा का इलाज सिर्फ सपा के पास
अखिलेश यादव ने जसवंतनगर में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि यहां की जनता इस बार रिकॉर्ड तोड़ेगी। इस बार मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव में डिंपल यादव को उतारने के फैसले पर बीजेपी हम लोगों को परिवारवादी पार्टी बताती है। अब उन्हें कौन बताए कि जब परिवार एक हो जाए तो परिवारवाद नहीं विकासवाद बनता है। बीजेपी के बड़बोले पन का इलाज केवल एक ही है की आप लोग ज्यादा से ज्यादा सपा के पक्ष में वोट डाले। यहीं उनका इलाज है।
2024 में हम 50 सीटें जीतेंगे : शिवपाल
जसवंतनगर की जनता को संबोधित करते हुए शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि अब हमारे बीच नेता जी नहीं है। इसलिए ये चुनाव महत्वपूर्ण हो गया है। यहां के जर्रे जर्रे का विकास नेता जी ने किया है। बताइये पिछले 8 सालों में भाजपा ने यहां कोई काम किया है। आपने जो बताया वो मैंने किया। इटावा से लेकर मैनपुरी तक नेताजी की बहुत से किस्से है। डिंपल को हमें ज्यादा से ज्यादा वोटो से जिताना है। वहीं नेताजी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। आप लोग हमें कोने में ले जाकर कहते थे कि एक होना जरूरी है। मैं अखिलेश से कहना चाहता हूं। मैं नेताजी के साथ बचपन से जुड़ा हुआ हूं। मैंने नेताजी से बहुत कुछ सीखा है। मेरे आत्मसमर्पण और मेरी क्षमता को पहचानिए। मैंने नेताजी को कभी निराश नही किया न आपको निराश करूंगा। यहां के एक प्रत्याशी कह रहे है कि मैं शिवपाल सिंह का शिष्य हूं। लेकिन वो चेला भी नही है अगर चेला होते तो बता कर जाते। नेताजी ने हमेशा जाती और मजहब से ऊपर उठ कर जोड़ने का काम किया है। नेताजी ने पूरे उत्तरप्रदेश की जनता का दिल जीता है। इन बेईमानों की सरकार ने देश को बांटने का काम किया है। गरीबी बेरोजगारी, भष्टाचार बढ़ाने का काम किया है। नौकरशाही इनके कब्जे में नहीं है। किसी भी सरकारी कार्यालय में बिना रिश्वत के काम नहीं होता है। किसान, गरीब, नौजवान सब परेशान है। इन पर कोई बात नही होती। अगर कोई आपको गाली दे या झगड़ा करे तो जबाब मत देना। आपको रोका जा सकता है। अगर आपने इस चुनाव को रिकॉर्ड मतों से जीता दिया तो 2024 में हम अखिलेश मिलकर 50 सीटें जीतेंगे।
बीजेपी सारे तिकड़म कर सपा को हराने का काम करेगी : रामगोपाल
शिवपाल सिंह यादव के बाद मंच पर भाषण देने के लिए आए रामगोपाल यादव ने जनता से कहा कि आप सब जानते ही कि बीजेपी की सरकार सारे तिकड़म करके सपा को हराने के काम करेंगी। हालांकि उनकी कोई चाल नही चलने वाली। शिवपाल सिंह ने सही कहा कि ये झगड़ा कर आपको फंसा देंगे। झूठे मुकदमे लिखे जाएंगे। एक जो डिम्पल के खिलाफ लड़ रहे है ये जब हार कर आते थे तो जसवंतनगर जिताकर भेजता था। बीजेपी ने सारी नौकरी छीन ली, नौकरी करने वाले हटाये जा रहे है। लाखो बेरोजगार है, लाखो नौकरी होते हुए भी नौकरी नहीं दी जा रही है। बीजेपी जालिमों की सरकार है। इस सरकार में कोई कानून नहीं है। न्यायपालिका डरी हुई है। जब जज मारे जाने लगते है तो लोग डर जाते है। जिन्होंने कभी सपा को वोट नहीं दिया वो भी इस बार हमें वोट दे रहे है।