Mission 2024: शाहनवाज़ आलम बोले- जय जवाहर-जय भीम नारे के साथ दलितों को जोड़ेगी अल्पसंख्यक कांग्रेस
punjabkesari.in Friday, Aug 04, 2023 - 12:47 AM (IST)

Lucknow News, (अश्वनी कुमार सिंह): अल्पसंख्यक कांग्रेस दलित समुदाय को कांग्रेस से जोड़ने के लिए 7 से 13 अगस्त तक जय जवाहर - जय भीम जन संपर्क अभियान चलायेगी। अभियान के तहत 5 लाख 52 हज़ार दलित परिवारों तक सीधे पहुँचने का लक्ष्य है।
मुस्लिम तो अपने पुराने घर कांग्रेस में आने का कर चुका है फैसला: शाहनवाज़
कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित पदाधिकारियों की बैठक में अल्पसंख्यक कांग्रेस अध्यक्ष शाहनवाज़ आलम ने कहा कि इस अभियान की शुरूआत हर ज़िले में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके होगी। रोज़ 100 दलित परिवारों के बीच जाकर प्रथम प्रधान मंत्री जवाहर लाल नेहरू जी की मौजूदगी में क़ानून मंत्री बाबा साहब अंबेडकर जी द्वारा राष्ट्रपति राजेंद्र प्रसाद जी को संविधान की प्रति भेंट करने वाली तस्वीर पर माल्यार्पण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस अभियान में पर्चे भी वितरित किए जाएंगे जिसमें बताया गया है कि मुस्लिम तो अपने पुराने घर कांग्रेस में आने का फैसला कर चुका है। अगर दलित भी अपने पुराने घर कांग्रेस में आ जाते हैं तो 20-20 प्रतिशत वोट वाली दोनों आबादी मिलकर फिर से भाजपा को 1989 वाली स्थिति में पहुंचा दिया जाएगा जब पूरे देश में भाजपा के सिर्फ़ दो सांसद होते थे।
2024 के चुनाव तक भाजपा सांप्रदायिक विभाजन के लिए दंगे कराएगी: दुबे
कांग्रेस प्रांतीय अध्यक्ष पूर्व मंत्री नकुल दुबे ने कहा कि 2024 के चुनाव तक भाजपा सांप्रदायिक विभाजन के लिए दंगे फ़साद कराएगी। उन्होंने कहा कि विभाग के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को सहेजता के साथ क्षेत्र में जाकर संवाद स्थापित करना होगा। विभाग द्वारा आयोजित होने वाले कार्यक्रम दलित मुस्लिम संवाद एवं जय जवाहर-जय भीम नारे की सराहना करते हुए कहा कि निश्चित ही इस कार्यक्रम से दलित और मुस्लिम वर्ग कांग्रेस की ओर रूख करेगा।