सांसद Varun Gandhi ने अपने ट्विटर BIO से ''BJP'' का नाम हटाया! जानिए क्या है मामले की सच्चाई?
punjabkesari.in Monday, Dec 26, 2022 - 01:25 PM (IST)

पीलीभीत: भाजपा सांसद वरुण गांधी ने अपने ट्विटर हैंडल के बायो से बीजेपी शब्द हटा लिया है। ऐसी खबरें सोशल मीडिया पर देखने और पढ़ने को मिल रही हैं, लेकिन मामले की जांच करने पर इसकी कुछ अलग ही हकीकत सामने आई है। दरअसल वरुण गांधी ने अपने ट्विटर अकाउंट पर पिछले 7 साल से बीजेपी शब्द का इस्तेमाल किया ही नहीं है। अब यह जो खबरें सोशल मीडिया पर आ रही है कि वरुण गांधी ने अपने ट्विटर अकाउंट के बायो से बीजेपी शब्द हटा लिया है, यह खबर सही नहीं है। बता दें कि वरुण गांधी पीलीभीत से भारतीय जनता पार्टी के सांसद हैं।
वरुण गांधी ने किसानों को लेकर केन्द्र सरकार पर साधा था निशाना
जानकारी मुताबिक भाजपा सांसद वरुण गांधी ने किसानों को लेकर केन्द्र सरकार पर जमकर निशाना साधा था। जिसके बाद से यह अटकलें लगनी शुरु हो गई थीं कि वरुण गांधी भारतीय जनता पार्टी का साथ छोड़ सकते हैं। वरुण गांधी भाजपा के दिग्गज नेताओं में से एक हैं। ऐसे में उनका अपनी ही पार्टी को घेरने के बाद से सवाल उठने शुरु हो गए थे कि गांधी का भाजपा से मोह भंग हो गया है और वे पार्टी का साथ छोड़ सकते हैं। ऐसी अटकलों के कारण ही इस खबर को ज्यादा तूल मिल गया।
वरुण गांधी ने CM योगी को चिट्ठी लिख की थी CBI जांच की मांग
आपको बता दें कि भाजपा सांसद वरुण गांधी किसानों के मुद्दों पर खासे मुखर हैं उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लखीमपुर खीरी की घटना पर एक पत्र भी लिखा था। जिसमें उन्होंने घटना की CBI जांच कराने और पीड़ितों के परिवारों को 1-1 करोड़ रुपे का मुआवजा देने की मांग की थी। वहीं इस घटना से एक दिन पहले ही देश ने अहिंसा के पुजारी महात्मा गांधी जी की जयंती मनाई थी। अगले ही दिन लखीमपुर खीरी में हमारे अन्नदाता की घटनाक्रम में हत्या की गई।