इटावा में नगर पालिका कर्मचारी की आत्महत्या मामला: गिरफ्तारी नहीं होने पर कर्मचारियों का भड़का आक्रोश, सड़कों पर उतर निकाली श्रद्धांजलि यात्रा

punjabkesari.in Tuesday, Oct 07, 2025 - 12:08 AM (IST)

Etawah News, (अरवीन): इटावा के नगर पालिका में वरिष्ठ लिपिक राजीव यादव के द्वारा कुछ दिन पहले यमुना नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली थी, वरिष्ठ लिपिक ने कुछ लोगों पर  उसको परेशान किए जाने का आरोप लगाया था लेकिन नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से कर्मचारियों और शिक्षक संगठनों में गहरा आक्रोश है। प्रशासन की निष्क्रियता को लेकर सोमवार की शाम शहर में सैकड़ों कर्मचारी और शिक्षक सड़कों पर उतर आए। उन्होंने एसएसपी आवास से नगर पालिका चौक तक श्रद्धांजलि यात्रा निकालकर दिवंगत कर्मचारी को श्रद्धांजलि दी और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। इस यात्रा में राजीव यादव के पुत्र सिद्धार्थ यादव सहित परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल हुए। सभी ने मोमबत्तियां जलाकर राजीव यादव के चित्र पर पुष्प अर्पित किए और न्याय के लिए सामूहिक संकल्प लिया।
PunjabKesari
10 दिन बीत जाने के बाद भी किसी की नहीं हुई गिरफ्तारी
गौरतलब है कि 26 सितंबर को राजीव यादव ने यमुना नदी में छलांग लगाकर जान दे दी थी। पुलिस को मौके से दो सुसाइड नोट मिले थे, जिसमें वरिष्ठ लिपिक ने नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति गुप्ता, पूर्व पालिका अध्यक्ष कुलदीप गुप्ता, ईओ संतोष कुमार मिश्रा, सेवानिवृत्त कर्मचारी वर्मा और अतर सिंह पर मानसिक प्रताड़ना व साजिश रचने का आरोप लगाया था। परिवार की तहरीर पर इन सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया, लेकिन दस दिन बीत जाने के बाद भी किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। राजीव यादव के बेटे सिद्धार्थ यादव ने कहा, पुलिस ने शुरुआती दौर में तो हमारा साथ देने की बात कही लेकिन आरोपियों की अभी तक गिरफ्तारी नहीं की गई। मेरे पिता की आत्मा को जब तक शांति नहीं मिलेगी तबतक इन लोगों को गिरफ्तार नहीं किया जाएगा।

बता दें कि पुलिस ने आरोपी पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष संटू गुप्ता को पकड़ने के लिए उसके ऊपर ₹25000 का इनाम भी घोषित कर दिया उसको पकड़ने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है लेकिन उसका कहीं भी पता नहीं चल पा रहा। इस श्रद्धांजलि यात्रा में शामिल कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि जब तक दोषियों की गिरफ्तारी और परिवार को आर्थिक व रोजगार संबंधी सहायता नहीं मिलती, आंदोलन जारी रहेगा। कर्मचारियों ने कहा, “हम तब तक चैन से नहीं बैठेंगे जब तक राजीव यादव को न्याय नहीं मिल जाता।”               


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mamta Yadav

Related News

static