हिंदू राष्ट्र जल्द’… विजयादशमी पर इटावा में भव्य शोभायात्रा में शामिल हुईं साध्वी प्रज्ञा ठाकुर, कह दी बड़ी बात
punjabkesari.in Thursday, Oct 02, 2025 - 10:18 PM (IST)

Etawah News: विजयादशमी के पावन अवसर पर इटावा में गुरुवार को हिंदू सेवा समिति द्वारा आयोजित भव्य विजय यात्रा ने शहर को धार्मिक जोश और उमंग से भर दिया। इस यात्रा में भोपाल की पूर्व सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं और उन्होंने हिंदू राष्ट्र को लेकर एक महत्वाकांक्षी संदेश दिया।
यात्रा में ढोल-नगाड़ों की गूँज, धार्मिक झंडे और जय श्रीराम के गूंजे नारों
बता दें कि यात्रा की शुरुआत टिकसी मंदिर तिराहे से हुई, जहाँ कार्यक्रम आयोजकों ने झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया। शहर के प्रमुख मार्गों व चौराहों से होते हुए यह यात्रा अंततः पक्का तालाब पहुंची, जहाँ समिति अध्यक्ष प्रदीप शर्मा के नेतृत्व में समापन समारोह आयोजित हुआ। यात्रा में ढोल-नगाड़ों की गूँज, धार्मिक झंडे और जय श्रीराम के नारों से पूरा वातावरण भक्तिमय रहा। सभा को संबोधित करते हुए साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने कहा कि हिंदू राष्ट्र का स्वप्न पूरा होकर रहेगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि यह घोषणा बहुत जल्द होगी और भारत विश्व पटल पर नेतृत्व करेगा। उन्होंने आगे लद्दाख मामले का जिक्र करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा सर्वोपरि है और किसी भी उपद्रवी शक्ति को पनपने नहीं दिया जाएगा।
जैसे‑जैसे अधर्म बढ़ेगा, प्रभु राम अलग-अलग रूपों में अवतरित होंगे
उन्होंने बताया कि विजयादशमी अधर्म पर धर्म की, असत्य पर सत्य की विजय का पर्व है और आज हिंदुत्व का पुनरुत्थान हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि जैसे‑जैसे अधर्म बढ़ेगा, प्रभु राम अलग-अलग रूपों में अवतार लेकर उसका नाश करते हैं, और आज भी वह यही कार्य कर रहे हैं। कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालु‑युवाओं और महिलाओं ने ठाकुर के विचारों को श्रद्धा और उत्साह के साथ स्वीकारा। आयोजन के सफल समापन में समिति के सदस्यों और कार्यकर्ताओं की भूमिका अहम रही।