नेहा सिंह राठौर होंगी गिरफ्तार! लगातार दबिश दे रही यूपी पुलिस, जानिए क्या है मामला

punjabkesari.in Monday, Nov 24, 2025 - 03:10 PM (IST)

लखनऊ: लोकगायिका नेहा सिंह राठौर की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। पहलगाम आतंकी हमले के बाद सोशल मीडिया पर किए गए उनके विवादित और भड़काऊ पोस्ट के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। अब पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। 

अब जानिए क्या है मामला 
बता दें कि पहलगाम में 22 अप्रैल 2025 को हुए आतंकी हमले में 26 भारतीय नागरिकों की मौत हुई थी। इसके बाद नेहा सिंह राठौर ने एक्स (Twitter) पर कई विवादित पोस्ट किए। इन पोस्टों के आधार पर हजरतगंज थाने में 27 अप्रैल को उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान पता चला कि नेहा के इन विवादित पोस्टों का पाकिस्तान में भारत के खिलाफ प्रचार के तौर पर इस्तेमाल किया गया। पुलिस ने सभी डिजिटल सबूतों को एक पेन ड्राइव में रिकॉर्ड कर FSL भेजा था। रिपोर्ट में पोस्ट और वीडियो को असली पाया गया और किसी तरह की छेड़छाड़ नहीं मिली।

नोटिस के बाद भी नहीं दर्ज कराए बयान 
हजरतगंज पुलिस ने नेहा को उनके अंबेडकरनगर स्थित गांव में नोटिस भेजा था। हाईकोर्ट ने भी उन्हें बयान दर्ज कराने के लिए पेश होने का आदेश दिया था, लेकिन नेहा ने बीमारी का हवाला देते हुए पुलिस के सामने पेश होने से इनकार कर दिया। गिरफ्तारी की आशंका को देखते हुए नेहा ने हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत की अर्जी दाखिल की थी। इसके बावजूद उन्होंने पुलिस के सामने पेश होकर बयान नहीं दिया। हाईकोर्ट ने उनकी जमानत याचिका भी खारिज कर दी है। जिसके बाद अब पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static