मेरठ में लापता हुआ पालतू तोता ‘किट्टू’, तलाश में जुटा परिवार… मदद करने पर ₹5000 इनाम

punjabkesari.in Tuesday, Oct 07, 2025 - 09:12 PM (IST)

Meerut News: शहर के शाहपीर गेट इलाके में रहने वाले अरशद नामक व्यक्ति का पालतू तोता ‘किट्टू’ बीते 10 दिन से लापता है। तोते को घर के एक सदस्य की तरह प्यार और आज़ादी दी जाती थी। अब उसकी गुमशुदगी से घर में गम और चिंता का माहौल है। परिवार ने सोशल मीडिया के जरिए मदद की गुहार लगाई है और तोता ढूंढकर लाने वाले को ₹5000 इनाम देने की घोषणा की है।

घर से उड़कर हुआ गायब
अरशद ने जानकारी दी कि 27 सितंबर को किट्टू उनके साथ खेल रहा था, तभी अचानक उड़ गया और फिर लौटकर नहीं आया। तीन साल से वह उनके घर में पल रहा था और परिवार का हिस्सा बन गया था। शुरुआत में यह तोता उड़ नहीं पाता था और खुद उनके आंगन में आकर ठहरा था, तभी से अरशद ने उसे पाल लिया।

आज़ादी से घूमता था, कभी पिंजरे में नहीं रहा
किट्टू को कभी पिंजरे में बंद नहीं किया गया। वह पूरे घर में आज़ादी से घूमता था और अक्सर अरशद उसे अपने साथ बाहर भी ले जाते थे। किट्टू न सिर्फ घरवालों के साथ खाना खाता था, बल्कि बच्चों का भी बेहद प्यारा साथी था। उसकी गैरमौजूदगी से घर का हर सदस्य मायूस है।

सोशल मीडिया बना सहारा
तोते की तलाश में अरशद और उनके परिवार ने सोशल मीडिया का सहारा लिया है। उन्होंने फेसबुक, व्हाट्सएप और लोकल ग्रुप्स में किट्टू की तस्वीरें और जानकारी साझा की है, साथ ही लोगों से अपील की है कि अगर किसी को यह तोता कहीं दिखे या कोई सूचना मिले तो तुरंत संपर्क करें।

तोते की खास पहचान
किट्टू एक हरा रंग का तोता है, जिसके पंख बेहद सुंदर हैं। वह कुछ शब्द बोलने में भी सक्षम है, जिससे उसकी पहचान करना आसान है। अरशद ने कहा, "यह हमारे लिए सिर्फ पालतू पक्षी नहीं, एक पारिवारिक सदस्य है। हम उसकी सलामती की दुआ कर रहे हैं।"

मिलेगा ₹5000 का इनाम
अरशद ने घोषणा की है कि जो भी व्यक्ति किट्टू को खोजकर वापस लाएगा या उसके बारे में पक्की सूचना देगा, उसे ₹5000 इनाम दिया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की है कि संवेदनशीलता और इंसानियत के तहत उनकी मदद करें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mamta Yadav

Related News

static