UP में आज मनाया जाएगा 'पेड़ लगाओ पेड़ बचाओ अभियान', CM Yogi कुकरैल नदी के तट से करेंगे वृक्षारोपण का शुभारंभ

punjabkesari.in Saturday, Jul 20, 2024 - 08:41 AM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर उत्तर प्रदेश में आज यानी 20 जुलाई को‘पेड़ लगाओ-पेड़ बचाओ जन अभियान-2024' महापर्व के रूप में मनाया जाएगा। 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत वन विभाग ने 36.50 करोड़ पौधरोपण व उनके संरक्षण की तैयारी की है। प्रदेश में आज 36.50 करोड़ पौधे रोपने का रिकॉर्ड बनेगा। सीएम योगी आदित्यनाथ राजधानी में अयोध्या रोड पर कुकरैल नदी तट पर स्थित सौमित्र वन में पौधरोपण करेंगे। इस अवसर पर वन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना भी मौजूद रहेंगे। इस अभियान के तहत प्रदेश के हरित क्षेत्र को नौ से बढ़ाकर 2026-27 तक 15 फीसदी तक ले जाना है।

सीएम योगी करेंगे शुभारंभ
‘पेड़ लगाओ-पेड़ बचाओ जन अभियान-2024' के तहत वृक्षारोपण का शुभारंभ सीएम योगी आदित्यनाथ करेंगे। आज सुबह 9:30 बजे सौमित्र वन, कुकरैल नदी तट, अयोध्या रोड और लखनऊ अकबरनगर क्षेत्र में कार्यक्रम का आयोजन होगा। वृक्षारोपण अभियान के तहत गोरखपुर में भी सीएम योगी वृक्षारोपण करेंगे। यहां पर शाम 4 बजे शहीद अशफाक उल्ला खां प्राणी उद्यान वृक्षारोपण होगा। इस दौरान गोरखपुर सांसद रवि किशन भी मौजूद रहेंगे।

पौधारोपण के लिए विभाग ने की तैयारी
योगी सरकार सभी के सहयोग से इस लक्ष्य को प्राप्त करेगी। विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी इस लक्ष्य को प्राप्त करने के साथ ही सकुशल पौधारोपण को लेकर विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए वन, पर्यावरण व जलवायु परिवर्तन की ओर से 14.29 करोड़, ग्राम्य विकास विभाग को 13 करोड़, कृषि को 2.80 करोड़, उद्यान विभाग 1.55 करोड़, पंचायती राज को 1.27 करोड़, राजस्व को 1.05 करोड़, नगर विकास को 44.97 लाख, उच्च शिक्षा को 22.54 लाख, रेशम को 14.19 लाख, लोक निर्माण को 14.93 लाख, रेलवे को 12.66 लाख व जलशक्ति को 13.41 लाख, बेसिक शिक्षा को 15.43 लाख, स्वास्थ्य विभाग को 19.91 लाख, उद्योग (एमएसएमई) को 15.55 लाख, औद्योगिक विकास विभाग को 7.73 लाख, माध्यमिक शिक्षा विभाग को 11.63 लाख, गृह को 10 लाख, पशुपालन को 7.26 लाख, ऊर्जा को 5.60 लाख, सहकारिता को 7.60 लाख, आवास विकास को 8.38 लाख, रक्षा को 4.95 लाख, प्राविधिक शिक्षा को 8.06 लाख, श्रम को 2.69 लाख, परिवहन विभाग को 2.53 लाख से अधिक पौधरोपण का लक्ष्य दिया गया है।

18 मंडलों में भी लगाए जाएंगे पौधे
अभियान के तहत सभी 18 मंडलों में भी पौधे लगाए जाएंगे। सबका लक्ष्य निर्धारित कर दिया गया है। सबसे अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य लखनऊ मंडल को दिया गया है। लखनऊ मंडल में चार करोड़ एक लाख 73 हजार से अधिक पौधे लगाए जाएंगे। कानपुर मंडल में 2.96 करोड़, चित्रकूट में 2.89 करोड़, झांसी में 2.82 करोड़, मीरजापुर में 2.62 करोड़, अयोध्या में 2.39 करोड़, देवीपाटन में 2.14 करोड़, प्रयागराज में 2.07 करोड़, बरेली में 1.91 करोड़, वाराणसी में 1.76 करोड़, मुरादाबाद में 1.83 करोड़, आगरा में 1.68 करोड़, गोरखपुर में 1.65 करोड़, आजमगढ़ में 1.30 करोड़, अलीगढ़ में 1.22 करोड़, मेरठ मंडल में 1.16 करोड़, बस्ती में 1.11 करोड़ व सहारनपुर मंडल में 90.23 लाख पौधे लगेंगे। पौधरोपण स्थलों की जियो टैगिंग भी होगी।

सीएम योगी की अपील
सीएम योगी ने प्रदेश की जनता से अपील की कि हर व्यक्ति 'वृक्षारोपण महाभियान' का हिस्सा बनकर 20 जुलाई को अपनी मां के नाम पर एक पौधा अवश्य लगाए। इसके लिए प्रदेश की नर्सरियों में 54 करोड़ पौधे तैयार किए गए हैं। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण महाभियान शुरू हो चुका है और इसके तहत 30-35 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे। हर व्यक्ति 20 जुलाई को रिकॉर्ड पौधरोपण कर वृक्षारोपण महाअभियान के महापर्व में हिस्सा ले।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static