पत्नी ने पहले आग लगाने की कोशिश की, फिर लगाई फांसी, पति बनाता रहा Video... खाना लेट बनने पर दंपत्ति में हुआ था झगड़ा
punjabkesari.in Friday, Sep 12, 2025 - 04:54 PM (IST)

झांसी : उत्तर प्रदेश के झांसी में दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। यहां खाना लेट बनने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्साई पत्नी कमरे में जाकर फंदे से लटक गई, जिससे उसकी मौत हो गई। पत्नी को बचाने का प्रयास करते हुए पति ने पूरी घटना का वीडियो भी बना लिया। पुलिस ने पति द्वारा बनाए वीडियो को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरु कर दी है। वहीं मायके वालों का आरोप है कि अतिरिक्त दहेज के लिए पति द्वारा महिला की हत्या की गई है। उसे काफी लंबे समय से परेशान किया जा रहा था।
पहले पति को खाना दिया फिर कमरा बंद कर लगाई फांसी
मृतका की पहचान शालनी उम्र 28 साल पत्नी गोविंद सिंह परिहार के रूप में हुई है। तकरीबन डेढ़ साल पहले 2024 में दोनों की शादी हुई थी। जेठ भगवान सिंह परिहार के मुताबिक गोविंद अपनी पत्नी और 5 महीने की बेटी संग झांसी के प्रेमनगर थानान्तर्गत बिजौली में रहता था। गोविंद वहीं एक दुकान पर काम करता था। गुरुवार सुबह खाना लेट बनने को लेकर दंपत्ति के बीच झगड़ा हुआ। विवाद के बाद गुस्साई पत्नी ने पहले पति के लिए खाना बनाया। फिर कमरे में चली गई। पति को शक हुआ तो वह पीछे से पहुंचा लेकिन तब तक शालनी दरवाजे की कुंडी लगाकर अपने ऊपर मिट्टी का तेल डालने लगी, फिर पंखे से फांसी लगाने का प्रयास करने लगी थी। पति गोविंद ने उसे रोकने की कोशिश करते हुए पूरी घटना का वीडियो बना लिया। हालांकि वह पत्नी को नहीं बचा सका। जिसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
रुपयों की मांग करता था गोविंद - शालिनी की मां
वहीं शालिनी की मां शकुंतला का कहना है कि गोविंद बेटी को मारता था। बेटी से लगातार रुपयों की मांग करता था। मांग पूरी न होने पर उसे परेशान करता था। उन्होंने कहा कि हम गरीब आदमी हैं, हम रुपए कहां से दे देते। इसी कारण उसने बेटी को मार डाला। बेटी से रात में बात हुई थी तो उसने बताया कि पति झगड़ा कर रहा है, पैसों की मांग कर रहा था। शालिनी की मां शकुंतला ने बताया कि गोविंद ने अभी कुछ दिन पहले मारपीट कर बेटी को भगा दिया था। इसके बाद फिर बुला लिया था। साथ ही फोन पर तालाक के कागज मांगते हुए 5 लाख रुपयों की मांग की जा रही थी।
पति ने बचाते हुए बनाया वीडियो
मामले के बारे में जानकारी देते हुए प्रेमनगर थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव ने फोन पर बताया कि प्रथम दृष्टता सामने आया है कि सुबह खाना बनाने को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। झगड़े में मृतका ने मिट्टी का तेल अपने ऊपर डालकर सुसाइड करने का प्रयास किया था। इसके बाद फांसी लगा ली। पति ने बचाने का प्रयास करते हुए घटना का वीडियो बनाया था। फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मॉर्चरी भेजकर मामले की छानबीन शुरु कर दी गई है।