सिलेंडर की बढ़ती कीमत ने छीना उज्ज्वला का सहारा, महिलाएं चूल्हे पर बना रही खाना
punjabkesari.in Wednesday, Mar 23, 2022 - 04:42 PM (IST)

हरदोई: रसोई गैस सिलेंडर की लगातार बढ़ती कीमतों के कारण एक बार फिर से महिलाओं ने चूल्हे पर लकड़ी के सहारे खाना बनाना शुरू कर दिया है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गरीब परिवारों की महिलाओं के चेहरे पर ख़ुशी लाने वाली इस योजना के अधिकांश सिलेंडर घरों में खाली रखे हैं और महिलाएं चूल्हा जला रही हैं।
दरअसल, उज्ज्वला योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की बड़ी संख्या में महिलाओं को घरेलू रसोई गैस का कनेक्शन दिया गया था। पहले तो यह सिलेंडर मुफ्त मिला तो महिलाओं को खुशी थी और उनका दर्द भी कम हो गया कि अब चूल्हे का काम समाप्त, लेकिन यह सुविधा भी अब अधिकांश लोगों के काम नहीं आ रही। दरअसल रसोई गैस की कीमत बढ़ने से अधिकांश परिवार सिलेंडर नहीं भरवा पा रहे हैं। ऐसे में उनके घरों की महिलाओं को गोबर के उपले यानी कण्डे पर और लकड़ी के सहारे ही भोजन पकाने को मजबूर होना पड़ रहा है।
हरदोई में भी अधिकांश उज्ज्वला योजना के गैस कनेक्शन धारकों ने सिलेंडर महंगा होने से रिफिल करवाना बंद कर दिया है। महिलाएं फिर चूल्हे पर लकड़ी व कंडी के सहारे खाना बनाने को मजबूर हो रही हैं। यहां की रहने वाली शबाना ने बताया कि कमरतोड़ महंगाई की वजह से घर का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है। इतनी महंगाई में नमक रोटी का इंतजाम हो जाए यही बहुत है। गैस सिलेंडर भरवाने के लिए पैसे नहीं है। गैस सिलेंडर न भरवा पाने के कारण लकड़ी के चूल्हे पर ही खाना बनाना पड़ता है। धुएं से बच्चों को परेशानी हो रही है, लेकिन हम लोग कर भी क्या सकते हैं। कहाकि यदि सरकार रसोई गैस सिलेंडर के दाम कम करे तो फिर से सिलेंडर रिफिल करवा पाएं।