संघ के कार्यकर्ताओं को सरकारी धन से पोषित करने का खेल शुरू: अखिलेश

punjabkesari.in Thursday, Aug 09, 2018 - 07:33 AM (IST)

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के कार्यकर्ताओं को सरकारी धन से पोषित और संरक्षित करने का खेल भाजपा सरकार में शुरू हो गया है। यह उसकी साजिश का हिस्सा है जो प्रशासनिक क्षेत्र में भी संघ स्वयंसेवकों की भर्ती करती है। एक सुनियोजित योजना के तहत राज्य सरकार द्वारा लोक कल्याण मित्र के पदों पर संघ स्वयंसेवकों को समायोजित करना है जिनका काम भाजपा सरकार की कथित उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाना होगा पर वस्तुत: ये भाजपा-संघ की चुनावी मशीनरी के अंग होंगे।

लोक कल्याण मित्रों को ब्लाक स्तर पर 25 हजार और भत्ते आदि में 5 हजार रुपए कुल 30 हजार रुपए और राज्य स्तर पर 35 हजार के साथ 5 हजार रुपए अतिरिक्त भत्ते के मद में यानी 40 हजार रुपए मिलेंगे। राजकोष का यह निर्लज्ज दुरुपयोग है। लोक कल्याण मित्रों के नाम पर भाजपा सरकार जो खेल खेलने जा रही है वह जनपयोगी न होकर लोकतांत्रिक व्यवस्था का उपहास है। संघ-भाजपा की यह फौज सरकारी खर्च पर तैयार की जा रही है। सच तो यह है कि भाजपा सरकार जनता में पूर्णतया अलोकप्रिय हो चुकी है।

उन्होंने कहा कि देवरिया का यौनाचार कांड भाजपा राज के लिए कलंक है। महिलाएं, बच्चियां दिन-रात कभी भी सुरक्षित नहीं हैं। दुष्कर्म की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। सर्वोच्च न्यायालय ने भी कहा है कि लैफ्ट, राइट, सैंटर सब तरफ सिर्फ रेप ही रेप की खबरें हैं, यह क्या हो रहा है। उत्तर प्रदेश की बदनामी तो अब विदेशों तक में हो गई है। कई विदेशी खिलाड़ियों ने तो लखनऊ आने से ही मना कर दिया है। यह स्थिति भाजपा के लिए शर्मनाक है। अब तो इस सबका जवाब लेने के लिए जनता समय का इंतजार कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Anil Kapoor

Recommended News

Related News

static