''अगर बात नहीं माने तो अब एहसे बात होई साहब...'', Video में अधिकारियों को दिखाया चप्‍पल, बुरे फंसे सपा राष्‍ट्रीय सचिव; UP Police ने किया तगड़ा एक्शन

punjabkesari.in Sunday, Oct 05, 2025 - 04:27 PM (IST)

चंदौली: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में सपा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू को सोशल मीडिया पर लघु डाल सिंचाई विभाग के अधिकारियों को चप्पल दिखाना और धमकी देना भारी पड़ गया। शनिवार को लघु डाल विभाग के अधिशासी अभियंता सूर्याकांत सिंह की शिकायत पर कंदवा थाना में पूर्व विधायक पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पूर्व विधायक पर सरकारी काम में बाधा पहुंचाने, धमकी देने और सोशल मीडिया पर अपमानजनक वीडियो पोस्ट करने का आरोप है। 

किसानों की समस्याएं सुन बिफर पड़े पूर्व विधायक 
दरअसल, दशहरे के दिन पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू चारी पंप कैनाल का निरीक्षण करने पहुंचे थे। उस दौरान मोटर जलने से पंप कैनाल ठप था। उन्होंने किसानों की विभिन्न समस्याओं के बाबत जानकारी ली। किसानों ने पूर्व विधायक से पानी की जरूरतों से संबंधित शिकायत की। पंप बंद होने के कारण फसल बर्बाद होने की शिकायत भी की। जिसपर पूर्व विधायक बिफर पड़े। उन्होंने लघु डाल विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों को चप्पल दिखाते हुए कहा कि अगर तीन दिन में पानी नहीं चला तो अब इससे ही बात होगी।

सोशल मीडिया पर जारी किया वीडियो
मनोज सिंह ने पंप कैनाल में निरीक्षण करने का वीडियो अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर पोस्ट किया। वीडियो में उन्होंने एक्सईएन व संबंधित अधिकारियों पर इशारा करते हुए अपना चप्पल दिखाया और वार्निंग देते हुए कहा कि 'तीन दिन के बाद अगर पंप चालू नहीं हुआ तो एहसे (चप्पल दिखाते हुए) बात होई साहब। त्‍योहार का टाइम है। शुभ दशहरा।'

प्रशासन ने गंभीरता से लिया मामला 
इस वीडियो को पुलिस प्रशासन ने गंभीरता से लेते हुए पूर्व विधायक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले में सीओ सदर ने बताया कि मनोज सिंह द्वारा जारी किए गए वीडियो को संज्ञान में लेते हुए एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static