डॉक्टर्स डे पर बोले दिनेश शर्मा-मरीजों के लिए चिकित्सक ईश्वर का प्रतिरूप

punjabkesari.in Monday, Jul 02, 2018 - 11:32 AM (IST)

लखनऊः उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने चिकित्सक को ईश्वर का प्रतिरूप बताते हुए कहा कि मरीजों के विश्वास को बनाए रखने की जिम्मेदारी सभी डॉक्टरों पर है। बता दें कि शर्मा रविवार को इण्डियन मेडिकल एसोसिएशन एवं मां अमृतेश्वरी चैरिटी संस्थान द्वारा आयोजित चिकित्सक दिवस-2018 कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। 

इस दौरान उन्होंने कहा कि चिकित्सक प्राणदाता है। यह दिन उन चिकित्सकों को धन्यवाद देने का दिन है, जिन्होंने अपने मरीजों की देखभाल के साथ उनका बेहतर उपचार किया है। डॉ.शर्मा ने कहा डॉक्टर्स डे स्वयं डॉक्टरों के लिए एक महत्वपूर्ण दिन है। चिकित्सा विज्ञान में प्रगति के साथ ही चिकित्सकों से लोगों की उम्मीदें भी बढ़ी हैं।

उन्होंने कहा कि चिकित्सकों में सेवा का भाव अधिक होना चाहिए। चिकित्सक का व्यवहार भी मरीजों के लिए दवा की तरह कार्य करता है। चिकित्सीय सुविधाओं को और अधिक बेहतर बनाने के लिए सरकार ने कई ठोस कदम उठाये हैं। गरीबों का इलाज बेहतर ढग़ से हो इसको आयुष्मान भारत योजना साकार करेगी। सरकार चिकित्सीय सुविधाओं को और अधिक बेहतर करने के लिए निरन्तर प्रयासरत है।  

इस अवसर पर शर्मा ने चिकित्सा क्षेत्र में सराहनीय योगदान करने वाले चिकित्सकों को सम्मानित किया। जिनमें पद्मश्री डॉ. मनसूर हसन, पद्मश्री डॉ.राजन सक्सेना, पद्मश्री डॉ.सुनील प्रधान, पद्मश्री डॉ.एस.एन. कुरील, पद्मश्री डॉ.एस.एस. सरकार, डॉ.अनिल खन्ना, डॉ.गीता खन्ना, डॉ. संदीप कपूर, डॉ. डी.के. वात्सल आदि शामिल हुए। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने पत्रिका का विमोचन भी किया।   
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ruby

Recommended News

Related News

static