आगरा में दारोगा की हत्या, CM योगी ने शहीद के परिवार को 50 लाख रुपए और नौकरी देने का किया ऐलान

punjabkesari.in Thursday, Mar 25, 2021 - 11:42 AM (IST)

लखनऊ: आगरा के थाना खंदौली क्षेत्र के गांव नहर्रा में बुधवार शाम 2 भाइयों के विवाद की सूचना पर गई पुलिस टीम पर एक व्यक्ति ने गोली चला दी जिससे एक उप निरीक्षक की मौत हो गई। आरोपी फरार है। जानकारी मुताबिक यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद आगरा की घटना में उपनिरीक्षक प्रशान्त यादव की मौत पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने घटना में जान गंवाने वाले उप निरीक्षक के परिजनों को 50 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की है।

उन्होंने पुलिसकर्मी के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने तथा जनपद की एक सड़क का नामकरण उनके नाम पर करने की भी घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने इस घटना के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने उपनिरीक्षक के परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि शोक की इस घड़ी में राज्य सरकार उनके साथ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार उप निरीक्षक के परिवार को हर सम्भव मदद प्रदान करेगी।

क्या है मामला?
अपर पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने एक न्यूज एजेंसी को बताया कि आगरा के थाना खंदौली पुलिस को गांव नहर्रा में विश्वनाथ और उसके भाई शिवनाथ के बीच आलू के बंटवारे को लेकर विवाद होने की सूचना मिली। उन्होंने बताया कि शिवनाथ ने पुलिस को सूचना दी थी और इस सूचना पर दरोगा प्रशांत, सिपाही चंद्रसेन के साथ शाम को गांव पहुंचे। उन्होंने बताया कि वहां पता चला कि विश्वनाथ गांव वालों को भी तमंचे से धमका रहा था और रोकने पर उसने दरोगा प्रशांत पर गोली चला दी।

उन्होंने बताया कि गोली गले में लगने से दारोगा लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। उन्होंने बताया कि दरोगा प्रशांत की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई। दारोगा बुलंदशहर के रहने वाले थे। घटना के बाद पुलिस पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि आरोपी फरार है। कुमार ने बताया कि प्रशांत की उम्र करीब 35 से 40 साल के बीच थी और वह 2015 बैच के उप निरीक्षक थे। वहीं आरोपी विश्वनाथ को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं और वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Anil Kapoor

Recommended News

Related News

static