पार्टी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए दिन-रात करूंगा काम: स्वतंत्र देव सिंह

punjabkesari.in Saturday, Jul 20, 2019 - 09:24 AM (IST)

लखनऊः बीजेपी के नवनियुक्त उत्तर प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि पार्टी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए मैं आप सबके सहयोग से दिन-रात ईमानदारी से काम करूंगा।

उन्होंने कहा कि संगठन और सरकार के बीच समन्वय के साथ मोदी-योगी की सरकार द्वारा जनहित में किए जा रहे कार्यों का लाभ जनता तक कैसे पहुंचे और लोक कल्याण के काम कैसे अधिक से अधिक हो, इसके लिए सब काम करेंगे। साथ ही पार्टी संगठन को भी मजबूत करेंगे। पार्टी आज जिन ऊंचाइयों पर खड़ी है, वह पार्टी के लाखों कार्यकर्ताओं के प्यार एवं परिश्रम का परिणाम है। पहले जनसंघ और फिर बीजेपी के गठन के बाद संगठन को मजबूत करने के लिए तमाम कार्यकर्ताओं ने अपना योगदान दिया।

स्वतंत्र देव ने कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय का सपना मोदी और योगी साकार कर रहे हैं। संगठन में हमारे पूर्वजों ने एक तपस्वी के रूप में परिश्रम की पराकाष्ठा पार करते हुए काम किया और चलते-चलते हम आज यहां पहुंचे हैं। प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह ने योगी आदित्यनाथ पर विश्वास किया और उन्हें प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाया। आज योगी मुख्यमंत्री के रूप में जनता का कल्याण कर रहे हैं।

इससे पूर्व नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष का पार्टी मुख्यालय पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। पार्टी के राज्य मुख्यालय में स्वतंत्र देव सिंह का सीएम योगी, निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं दिनेश शर्मा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमापतिराम त्रिपाठी, विनय कटियार, सूर्यप्रताप शाही ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Deepika Rajput

Recommended News

Related News

static