भीषण सड़क हादसे में टैंकर चालक और क्लीनर की मौत, मची अफरा-तफरी

punjabkesari.in Friday, Mar 06, 2026 - 01:43 PM (IST)

 देवरिया: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिला में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भाटपार रानी थाना क्षेत्र में सलेमपुर–मैरवा मार्ग पर हुए इस हादसे में पेट्रोल से भरे टैंकर के चालक और क्लीनर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार बैतालपुर स्थित भारत पेट्रोलियम के डिपो से पेट्रोल लादकर एक टैंकर बिहार के सिवान जा रहा था। देर रात जब टैंकर सलेमपुर-मैरवा मार्ग पर फुलवरिया चौराहा के पास पहुंचा, तभी पहले उसकी टक्कर एक पिकअप वाहन से हो गई। टक्कर के बाद टैंकर अनियंत्रित हो गया और सामने से आ रहे एक ट्रक से उसकी जोरदार आमने-सामने भिड़ंत हो गई।

हादसा इतना भीषण था कि टैंकर का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक और क्लीनर केबिन के अंदर बुरी तरह फंस गए। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही भाटपार रानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों को केबिन से बाहर निकाला। हालांकि तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।

पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान चालक कमलेश प्रसाद (22) और क्लीनर अजय प्रसाद (23) के रूप में हुई है। दोनों की पहचान मोबाइल नंबर के आधार पर की गई और उनके परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। परिजन देवरिया के लिए रवाना हो गए हैं। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं हादसे के बाद कुछ देर के लिए मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static