लापता व्यक्ति का शव खेत में मिला, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
punjabkesari.in Saturday, Sep 27, 2025 - 08:15 PM (IST)

बलिया: जिले के फेफना थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम लापता हुआ एक व्यक्ति शनिवार को मृत मिला। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार फेफना थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव के खेत में शनिवार सुबह इस व्यक्ति का शव मिला। थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) विश्वदीप सिंह ने शनिवार को बताया कि शव की पहचान थाना क्षेत्र के देवरिया कला मंसूरपुर गांव के दिनेश राजभर (40) के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए ले गयी। सिंह ने बताया कि दिनेश राजभर शुक्रवार शाम घर से निकला था लेकिन वह नहीं लौटा तब उसे तलाशा गया, पर वह नहीं मिला। सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। दिनेश मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता था।
उसकी पत्नी सुनीता ने संवाददाताओं को बताया कि रात 10 बजे के बाद गांव के एक युवक ने फोन कर बुलाया तथा वह बिना खाना खाए थोड़ी देर बाद आने को कह कर चले गए। सुनीता का कहना है कि काफी देर होने के बाद खोजबीन करने पर भी उसका पता नहीं चल पाया। इसके बाद आज सुबह मुबारकपुर गांव के पास खेत में शव मिला।