जेवर और 50 हजार की नकदी लेकर फरार हुई दुल्हन, बीच रास्ते से लौटी बरात

punjabkesari.in Friday, Mar 08, 2024 - 08:47 AM (IST)

पीलीभीतः जिले के एक गांव में 6 मार्च को बरात आनी थी, लेकिन उससे पहले ही लड़की अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। उधर, वर पक्ष के लोगों को इसकी जानकारी तब लगी, जब वह बरात लेकर गांव पहुंच रहे थे। जानकारी लगते ही रास्ते से बरात लौट गई। उधर, लड़की की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी प्रेमी समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

जेवर और 50 हजार रुपये भी मिले गायब
परिजनों ने बेटी का रिश्ता सीतापुर जिले में तय किया था। 5 मार्च को तिलक था और 6 मार्च को बारात आनी थी। शादी की तैयारियां अंतिम चरण में थी। शाम करीब 7 बजे परिवार के लोग तिलक चढ़ाने सीतापुर गए थे। इसी बीच मौका पाकर होने वाली दुल्हन को गांव का ही सत्यम, प्रमोद, शंकर और सतीश निवासी रसूलपुर थाना मितौली बहला-फुसलाकर ले गए। सुबह जब वह घर पर नहीं मिली तो परिवार वालों के होश उड़ गए। परिजनों ने घर और आसपास उसकी खोजबीन की, लेकिन कोई पता नहीं चला। आशंका होने पर जब घर में देखा तो शादी के लिए खरीदकर रखा गया जेवर और 50 हजार रुपये गायब थे। यह देख परिवार वालों के होश उड़ गए।

परिजनों ने लगाया आरोप- थाना नीमगांव पुलिस ने नहीं दर्ज की रिपोर्ट
परिजन थाना नीमगांव पहुंचे और घटना बताते हुए चारों आरोपियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इस पर वह सीओ से मिले और रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की। सीओ के आदेश पर नीमगांव पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी है।

किशोरी को बरामद करने के प्रयास किए जा रहेः पुलिस
एसओ नीमगांव श्रद्धा सिंह ने बताया कि दुल्हन की मां की तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। किशोरी को बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ajay kumar

Recommended News

Related News

static