कलयुगी बेटा बना मां का काल! पहले घोंटा गला, फिर तीन-चार बार कार से रौंदा, पुलिस ने हत्याकांड का किया पर्दाफाश, वजह जान फूल गए हाथ-पैर

punjabkesari.in Monday, Aug 04, 2025 - 01:48 PM (IST)

इटावा (अरवीन कुमार): उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में बलरई के फकीरे की मड़ैया गांव के पास 28 जुलाई की रात यमुना पुल पर सड़क किनारे महिला का खून से लथपथ शव मिला था। 30 जुलाई को उसकी पहचान आगरा के जैतपुर थाना के गांव बिटोना निवासी संजय शर्मा की पत्नी यशोदा देवी के रूप में मृतका के दूसरे पति रामनिवास शर्मा ने की थी। उसने हत्या की आशंका जता मुकदमा दर्ज कराया था। जिसके बाद से पुलिस इस मामले को सुलझाने में लगी हुई थी। 

तफ्सील से जानें पूरा घटनाक्रम 
रविवार को एएसपी सिटी अभय नाथ त्रिपाठी ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पिता के जीवित रहते मां के दूसरे व्यक्ति से शादी कर लेने से सामाजिक प्रतिष्ठा धूमिल होने एवं लोगों के तानों से तंग आकर महिला के बेटे ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी हत्या की थी। इस वजह से उसकी शादी भी नहीं हो पा रही थी। इसी के चलते उसने दोस्त सत्यवीर सिंह के साथ मिलकर मां की हत्या की साजिश रची। 28 जुलाई को दवा दिलाने के बहाने बेटा मां को आगरा के जैतपुर से बाइक से लाकर बलरई के खंदिया यमुना पुल पर कार सवार साथियों के साथ मिलकर अंगौछे से पहले गला घोंटा। फिर घटना को दुर्घटना दर्शाने के लिए सड़क पर शव फेंककर कार से कुचल दिया। 

सीसीटीवी फुटेज से पुलिस ने किया हत्याकांड का खुलासा 
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो महिला अपने पहले पति के बेटे कौशल के साथ बाइक से जाती दिखी। जोकि आगरा के जैतपुर थाना के गढ़़ी रमपुरा का रहने वाला है। पुलिस ने रविवार को सीसीटीवी फुटेज के जरिये हत्यारोपित बेटे और उसके दो दोस्तों को गिरफ्तार कर हत्याकांड का पर्दाफाश किया। हालांकि, अभी उसके तीन साथी फरार हैं। पुलिस पूछताछ में कौशल ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। 

पुलिस ने दी जानकारी
एएसपी सिटी ने बताया हत्या में शामिल कौशल के गांव का बाबी और जैतपुर थाने के कमतरी में रहने वाले रजत को गिरफ्तार किया गया। उसके तीन साथी सत्यवीर, कबीर एवं सौरभ अभी भी फरार हैं। हत्या में प्रयुक्त कार एक प्रधान की है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static