ट्रैक्टर ट्रॉली ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, मामा-भांजा की हुई मौके पर मौत, परिजनों में मचा कोहराम

punjabkesari.in Sunday, Oct 16, 2022 - 11:52 AM (IST)

बहराइचः उत्तर प्रदेश के बहराइच से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां पर शनिवार को देर रात एक सड़क हादसे में ट्रैक्टर ट्राली ने बाइक सवार मामा भांजे को रौंद दिया। जिसमें दोनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना जानकारी के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो- रो कर बुरा हाल हो गया। फिर परिवार वालों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर परिजनों की तहरीर पर एफआईआर दर्ज की और शवों का पंचनामा किया। फिर मामले की जांच शुरू कर दी है।

बता दें कि यह घटना जिले के हरदी थाना के गरेठी गुरुदत्तसिंह गांव की है। यहां पर गांव के निकट बेलहा बहरौली तटबंध पर शनिवार की देर रात ट्रैक्टर ट्रॉली ने बाइक सवार मामा भांजे को रौंद दिया। इससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दरअसल, खैरीघाट थाना के बांसगढ़ी निवासी पृथ्वीराज लोधी (40) अपने भांजे हरदी थाना के गरेठी गुरुदत्तसिंह गांव निवासी राकेश (20) के साथ राजीचौराहा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती अपनी बीमार मां रामराजी को खाना देने गए थे। दोनों देर रात बाइक से घर लौट रहे थे। जब दोनों गरेठी गुरुदत्तसिंह गांव के निकट बेलहा बेहरौली तट पर पहुंचे। सामने से आ रही लकड़ी से लदी ट्रैक्टर ट्राली ने जोरदार टक्कर मार दी। इस घटना में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद वहां मौके पर मौजूद लोगों ने सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर प्रभारी निरीक्षक ज्ञान सिंह हमराही पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। विधिक कार्रवाई शुरू की गई। एसओ ने बताया कि मृतक पृथ्वीराज भाई रामू की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। एसओ ने बताया कि चालक ट्राली को छोड़कर ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया। ट्राली को बरामद कर लिया गया है। फिलहाल, पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

घटना के बाद परिजनों में मचा कोहराम
हादसे में एक साथ हुए मामा भांजे की मौत ने परिजन को झकझोर दिया। घटना के बाद घर में कोहराम मच गया। राकेश के पिता बहोरीलाल ने बताया कि बेटा राकेश की शादी तय की थी। पांच माह बाद उसकी शादी होनी थी। रुंधे गले से बताया कि क्या पता था उसका बेटा इस तरह दुनिया छोड़कर चला जाएगा। मृतक पृथ्वीराज की पत्नी रामावती 10 साल का बेटा दीपक कुमार, 8 साल की बेटी चुलबुल, सात वर्षीय चांदनी तीन वर्षीय सुनीता का भी रो रोकर बुरा हाल है। मृतक की पत्नी ने बताया कि पति की मौत से पूरा परिवार बेसहारा हो गया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Recommended News

Related News

static