लोकसभा में अतीक अहमद समेत कई पूर्व सांसदों को दी गई श्रद्धांजलि, जानिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने क्या कहा?
punjabkesari.in Thursday, Jul 20, 2023 - 08:49 PM (IST)

नयी दिल्ली/प्रयागराज: लोकसभा में दो वर्तमान सदस्यों रतन लाल कटारिया एवं बालूभाऊ उर्फ सुरेश नारायण धानोरकर और अतीक अहमद समेत ग्यारह पूर्व सदस्यों के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी गयी। सदन की कार्यवाही शुरू होने पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन के दो मौजूदा सदस्यों रतन लाल कटारिया और सुरेश नारायण धनोरकर के निधन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कटारिया अंबाला संसदीय सीट से वर्तमान लोकसभा के सदस्य थे। उन्होंने कहा कि वह 13वीं एवं 16वीं लोकसभा के सदस्य और पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कई संसदीय समितियों के सदस्य भी रहे। उनका निधन 18 मई 2023 को हुआ था। सुरेश नारायण धनोरकर महाराष्ट्र के चंद्रपुर सीट से वर्तमान लोकसभा के सदस्य थे। उनका निधन 30 मई 2023 को हुआ था।
फूलपुर संसदीय सीट से लोकसभा सदस्य रहे अतीक अहमद
बिरला ने अतीक अहमद के निधन पर भी शोक जताते हुए कहा, ‘‘अतीक अहमद, उत्तर प्रदेश के फूलपुर संसदीय निर्वाचन क्षेत्र से 14वीं लोकसभा के सदस्य थे। वह रेल संबंधी समिति के सदस्य रहे। इससे पूर्व वह उत्तर प्रदेश विधानसभा के सदस्य भी रहे। अतीक अहमद का निधन 15 अप्रैल 2023 को प्रयागराज में हुआ।''
पंजाब के पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल को दी श्रद्धांजलि
लोकसभा अध्यक्ष ने बताया कि अकाली दल के वरिष्ठ नेता प्रकाश सिंह बादल छठी लोकसभा के सदस्य थे। वह पांच कार्यकालों के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री रहे। उन्होंने राज्य के साथ देश के सम्पूर्ण विकास में योगदान दिया। उन्होंने हमेशा किसानों के हितों की चिंता की। श्री बादल का 95 वर्ष की उम्र में 23 अप्रैल 2023 को निधन हुआ था। लोकसभा अध्यक्ष ने सुजान सिंह बुंदेला, संदीपन थोराट, डा. विश्वनाथन कानिथी, अतीक अहमद, त्रिलोचन कानूनगो, इलियास आजमी, अनादि चरण दास, निहाल सिंह और राजकरण सिंह के निधन का भी जिक्र किया। सदन में दिवंगत सदस्यों को कुछ पल मौन रह कर श्रद्धांजलि दी गई। अध्यक्ष ने कहा कि सदन में वर्तमान और पूर्व सदस्यों के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की गयी है। सदस्यों को श्रद्धांजलि देने के बाद सदन की कार्यवाही दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गयी।