भांजे की शादी समारोह में डांस करते-करते मामा की मौत, शादी की खुशियां मातम में बदलीं

punjabkesari.in Thursday, Feb 19, 2026 - 02:59 PM (IST)

यूपी डेस्क: शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब मेहंदी समारोह के दौरान डांस कर रहे एक व्यक्ति की अचानक मौत हो गई। घटना ग्राम ओझरा की है, जहां भांजे की शादी में शामिल होने आए मामा घनश्याम यादव की हार्ट अटैक से निधन हो गया।

जानकारी के अनुसार, बड़वानी जिले के ग्राम पिपलुद निवासी घनश्याम यादव परिवार के साथ विवाह समारोह में शामिल होने ओझरा पहुंचे थे। मंगलवार रात मेहंदी कार्यक्रम के दौरान परिवारजन गीत-संगीत पर नृत्य कर रहे थे। इसी बीच ‘रब से क्या मांगू, जब तू मेरे करीब…’ गीत पर घनश्याम अपनी पत्नी के साथ डांस कर रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि नृत्य करते-करते वह अचानक जमीन पर गिर पड़े। शुरुआत में लोगों को लगा कि यह डांस का हिस्सा है, लेकिन कुछ समय तक जब वे नहीं उठे तो परिजनों को आशंका हुई। आनन-फानन में उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मौत का कारण हृदयाघात (हार्ट अटैक) बताया गया है।

अचानक हुई इस घटना से शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और खुशी का माहौल पल भर में गम में बदल गया। परिवार के लोग गहरे सदमे में हैं। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जो तेजी से वायरल हो रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static