UP Election 2022: अंतिम चरण के मतदान से पहले सोनभद्र से सटी 4 राज्यों की सीमाओं पर कड़ी चौकसी

punjabkesari.in Sunday, Mar 06, 2022 - 03:25 PM (IST)

मिर्जापुर: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण में सोमवार को होने वाले मतदान से पहले सोनभद्र जिले से सटी चार राज्यों की सीमाओं को सील कर दिया गया है। सोनभद्र देश का इकलौता ऐसा जिला है जहां चार राज्यों की सीमायें लगती है।

विन्ध्याचल रेंज के उप पुलिस महानिरीक्षक आर के भारद्वाज ने रविवार को बताया कि आज से रेंज में पड़ने वाले राज्य बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ एवं मध्य प्रदेश की सीमाओं को सील कर दिया गया है। पूरे बार्डर लाइन पर चौकसी बढ़ा दी गई है। इन राज्यों से आने जाने वालों की तलाशी ली जा रही है। हालांकि वाहनों के आवागमन पर कोई विशेष प्रतिबंध नही है पर चेकिंग अभियान जारी रहेगा। इस बात पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है कि पड़ोसी राज्यों की सीमा से कोई प्रवेश कर चुनावों को प्रभावित न कर सके। इसकी मुकम्मल व्यवस्था कर ली गई है।      

भारद्वाज ने बताया कि इन सभी राज्यों के पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है।साथ ही साथ अधिकारियों के साथ बैठक भी की गयी है। सम्बन्धित राज्य के अधिकारी अपने अपने बार्डर लाइन पर सुरक्षा व्यवस्था कर रहे हैं। अपनी सीमा में उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ अर्द्ध सैनिक बल के जवानों को तैनात किया गया है। कभी सोनभद्र जिला प्रदेश में नक्सली गतिविधियों के लिए जाना जाता रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Mamta Yadav

Recommended News

Related News

static