समाज में नफरत की दीवार खड़ी कर रही है योगी सरकार: अखिलेश

punjabkesari.in Friday, Jun 07, 2019 - 01:16 PM (IST)

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (SP) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाया है कि उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार जनहित के काम करने की बजाय समाज में नफरत की दीवार खड़ी कर रही है। यादव ने कहा कि पिछले 2 सालों से राज्य की जनता भाजपा के पाप को भोग रही है। भाजपा सरकार ने राज्य में जनहित में कोई काम नहीं किया। वह जातिवाद को आधार बनाकर समाज में नफरत पैदा करने का ही काम कर रही है। भाजपा की जनविरोधी नीतियों को लेकर जनता में भारी नाराजगी है।

पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति नाजुक है। जनसामान्य अपने जानमाल को लेकर असुरक्षित महसूस कर रहा है। महिलाएं डरी-सहमी है। समाज का हर वर्ग परेशान है। भाजपा सरकार ने अपनी तो कोई व्यवस्था की नहीं, समाजवादी सरकार ने यूपी डायल 100 और 1090 सेवा शुरू की थी उसे भी बर्बाद कर दिया। बेकसूरों और चुनाव में भाजपा के खिलाफ मतदान करने वालों को सताया जा रहा है। सपा कार्यकर्ताओं की हत्या की जा रही है। चुनाव नतीजों की आड़ में किन्तु विकास से पलायन को जनता बर्दाश्त नहीं करेगी।

यादव ने कहा कि भाजपा समाजवादी सरकार के कामों का मुकाबला नहीं कर सकती है। समाजवादी सरकार ने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे बहुत कम समय में बनवाया जिस पर सेना के युद्धक विमान भी उतर चुके है। ऐसी एक भी सड़क भाजपा राज में नहीं बनी है। समाजवादी सरकार में मेट्रो रेल चली जिसे अभी तक गुजरात में भी नहीं चलाया जा सका है। पूर्वांचल एक्सप्रेस वे की शुरूआत समाजवादी सरकार ने की जिससे भाजपा सरकार ने बलिया गोरखपुर को ही बाहर कर दिया है। सवा 2 वर्ष बाद भी उसके बनने का समय बढता जा रहा है।

उन्होंने कहा यह बात जनता समझने लगी है कि भाजपा ने अपने झूठ और छल से केंद्र की सत्ता हासिल की है। उसने लोकतंत्र की स्वस्थ परंपराओं और स्वतंत्रता आंदोलन के मूल्यों को तिलांजलि दे दी है। समाजवादी पार्टी लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता तथा समाजवाद के लिए प्रतिबद्ध है। जनता के हितों के लिए समाजवादी पार्टी हमेशा संघर्ष करती आई है। भाजपा की एकाधिकारवादी और यथास्थितिवादी नीतियों का वह दृढ़ता से मुकाबला करेगी। लोकतंत्र के लिए संघर्ष जारी रहेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Anil Kapoor

Recommended News

Related News

static