मुलायम ने रामगोपाल को दिखाया लोहिया ट्रस्ट से बाहर का रास्ता

punjabkesari.in Thursday, Sep 21, 2017 - 06:06 PM (IST)

लखनऊ: समाजवादी पार्टी(सपा) कुनबे में चल रहे विवाद के बीच पार्टी संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने प्रो राम गोपाल यादव को आज लोहिया ट्रस्ट के सचिव पद से हटाते हुये उन्हे बाहर का रास्ता दिखा दिया।

प्रो0 रामगोपाल यादव की जगह ट्रस्ट का नया सचिव शिवपाल सिंह यादव को बनाया गया है। नवनियुक्त सचिव श्री यादव ने बताया कि सपा संरक्षक और ट्रस्ट के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव अब नियमित लोहिया ट्रस्ट के कार्यालय में बैठेंगे। वही जनता और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे।

गौरतलब है कि दो महीने पहले हुई बैठक में मुलायम सिंह यादव ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के तीन समर्थकों को लोहिया ट्रस्ट की सदस्यता से हटाकर तीन नये सपा नेताओं को ट्रस्ट का सदस्य घोषित किया था। यादव परिवार में जून 2016 से ही विवाद शुरु हो गया था लेकिन अक्टूबर आते-आते पारिवारिक झगड़े ने वृहद रुप ले लिया। मुलायम सिंह यादव और उनके पुत्र अखिलेश यादव में विवाद इतना बढ़ा कि गत अक्टूबर में पिता (मुलायम) ने बेटे (अखिलेश) को मुख्यमंत्री रहते हुए पार्टी से निकाल दिया था। हालांकि, दूसरे ही दिन मुलायम सिंह यादव ने अपना निर्णय वापस ले लिया था। इसके बाद इसी वर्ष एक जनवरी को पार्टी का आपात सम्मेलन बुलाकर अखिलेश यादव अपने पिता को अध्यक्ष पद से बेदखल करते हुए खुद अध्यक्ष बन बैठे। मान मनौव्वल का सिलसिला लगातार चला लेकिन राज्य के सबसे बड़े इस राजनीतिक कुनबे में फिलहाल अभी तक एका नहीं हुआ है।

शिवपाल सिंह यादव के मुताबिक आगामी 23 सितंबर को लखनऊ में आयोजित सपा के प्रान्तीय प्रतिनिधि सम्मेलन में अभी तक मुलायम सिंह यादव और उन्हें निमंत्रित नहीं किया गया है। पांच अक्टूबर को आगरा में प्रस्तावित राष्ट्रीय सम्मेलन में भी दोनों को न्यौता नहीं मिला है। उनका कहना था कि बिना बुलाये जाने का सवाल ही नहीं उठता।‘नेताजी’को आमंत्रित नहीं किया जाना सपा में बड़ी घटना है। उनके बगैर समाजवाद की कल्पना करना ही बेमानी है।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static