हाथ लगाते ही पापड़ की तरह उखड़ने लगी सड़क, ग्रामीणों ने दिखाई भ्रष्टाचार की हकीकत... अब मिल रही उठा लेने की धमकी

punjabkesari.in Saturday, Feb 21, 2026 - 02:38 PM (IST)

Jhansi News: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से भ्रष्टाचार का एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जो सरकारी दावों की धज्जियां उड़ा रहा है। जहां के गरौठा तहसील में बन रही एक सड़क इतनी घटिया क्वालिटी की है कि ग्रामीण उसे अपने हाथों से मिट्टी की तरह उखाड़ रहे हैं। लाखों की लागत से बन रही इस सड़क का वीडियो सोशल मीडिया पर जंगल की आग की तरह वायरल हो गया है।

गोबर और मिट्टी पर बिछा दी डामर की चादर
मामला ग्राम बरमाइन से ककरबई के बीच का है, जहां करीब 6 किलोमीटर लंबी सड़क का मरम्मत कार्य चल रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार मानकों की सरेआम धज्जियां उड़ा रहा है। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि सड़क बनाने से पहले न तो सफाई की गई और न ही सही बेस तैयार किया गया। मिट्टी और गोबर के ऊपर ही डामर (लुक) डाल दिया गया है, जिसके कारण सड़क हाथ लगाते ही उखड़ रही है।

'सच दिखाया तो बोले- रात में उठा लेंगे'
हैरानी की बात यह है कि जब ग्रामीणों ने इस भ्रष्टाचार का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाला, तो उन्हें डराने-धमकाने का सिलसिला शुरू हो गया। एक ग्रामीण ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि हमने मुख्यमंत्री जी को हकीकत दिखाने के लिए वीडियो बनाया, तो अब हमें धमकियां मिल रही हैं कि रात में घर से उठा लेंगे। धमकी देने वाला शख्स यहीं काम करा रहा है।

SDM ने दिए जांच के आदेश
वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आया है। गरौठा एसडीएम सुनील कुमार ने मामले का संज्ञान लेते हुए बताया कि यह सड़क लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि वीडियो हमारे संज्ञान में है। इसकी जांच के लिए एक विशेष कमेटी बनाई जा रही है। अगर ठेकेदार की लापरवाही मिली तो भारी जुर्माना लगेगा और विभाग की गलती पाए जाने पर अधिकारियों पर भी एक्शन होगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static