सचिव जी को चप्पलों से पीटा, जालौन में महिला ने लगाया छेड़छाड़ का संगीन आरोप... वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

punjabkesari.in Saturday, Jun 07, 2025 - 12:23 PM (IST)

Jalaun News: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के एक गांव में ग्राम पंचायत सचिव पर एक महिला ने छेड़छाड़ का गंभीर आरोप लगाया है। इस घटना के बाद महिला ने गुस्से में आकर सचिव को चप्पलों से पीटा, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जरूरत पड़ने पर एफआईआर दर्ज की जाएगी।

क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के मुताबिक, कोंच विकास खंड में तैनात ग्राम विकास अधिकारी किसी काम से गांव के प्रधान के पास जा रहे थे। इसी दौरान एक महिला ने सचिव पर छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया। महिला ने बताया कि सचिव ने उसके साथ गलत व्यवहार किया, जिससे वह बहुत गुस्सा हो गई और चप्पलों से उन्हें पीटना शुरू कर दिया। महिला की चिल्लाने की आवाज सुनकर गांव के अन्य लोग वहां जुट गए और सचिव को घेर लिया। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचित किया। पुलिस मौके पर पहुंची और सचिव को थाने ले गई।

महिला ने दर्ज कराई शिकायत
पीड़ित महिला ने थाने में लिखित शिकायत दी है जिसमें उन्होंने सचिव पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। वहीं, सचिव ने खुद को बेगुनाह बताया और कहा कि वह केवल गांव के प्रधान से मिलने जा रहे थे और उन्होंने कोई गलत व्यवहार नहीं किया।

पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई
सीओ परमेश्वर प्रसाद ने बताया कि महिला की शिकायत पर मामले की जांच की जा रही है। अगर आरोप सही पाए गए तो सचिव के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी। बीडीओ सर्वेश कुमार वर्मा ने कहा कि सचिव ने महिला पर झूठा आरोप लगाने का आरोप लगाया है। दोनों पक्षों के बीच मामले को सुलझाने की कोशिशें जारी हैं। लेकिन अगर महिला की शिकायत सही साबित हुई तो एफआईआर दर्ज की जाएगी। इस घटना ने गांव में तनाव पैदा कर दिया है और पुलिस प्रशासन मामले को गंभीरता से देख रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static