सीने और सिर में गोली मारकर फौजी की हत्या : भाई के मर्डर केस में 2 दिन पहले दी थी गवाही, अब मुख्य गवाह का किया ऐसा हाल
punjabkesari.in Thursday, Apr 10, 2025 - 12:40 PM (IST)

सहारनपुर : उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से हृदय विदारक घटना सामने आई है। यहां चार दिन पहले ही छुट्टियों पर आए एक फौजी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना पर थाना रामपुर मनिहारान पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी संजीव कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। साथ ही फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच कर जांच के लिए नमूने एकत्र कर रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घर से 300 मीटर की दूरी पर मिला विक्रांत का शव, सीने और सिर में लगी थी गोली
पूरा मामला थाना रामपुर मनिहारान के गांव मुंडीखेड़ी का है। गुरुवार को विक्रांत उम्र 25 साल पुत्र राजेंद्र का शव चकरोड पर मिला है। विक्रांत सेना में जवान था और जम्मू तवी में उसकी तैनाती की गई थी। चार दिन पहले ही वह छुट्टी लेकर घर आया था। परिजनों के मुताबिक, बुधवार रात करीब 8 बजकर 30 मिनट पर विक्रांत खाना खाकर घर से निकला था, लेकिन रातभर घर नहीं लौटा। जिसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा। गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने विक्रांत के घर से 300 मीटर की दूरी पर खेतों की ओर जाते समय चकरोड़ पर उसका शव देखा। शव पर गोली लगने के निशान थे। विक्रांत को सीने और सिर में गोली लगी थी।
चचेरे भाई की हत्या मामले में मुख्य गवाह था विक्रांत
पुलिस पूछताछ में पता चला कि चार साल पहले विक्रांत के चचेरे भाई की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। विक्रांत इस मामले का मुख्य गवाह था। 8 अप्रैल को कोर्ट में उसकी आखिरी गवाही हुई थी। जिसके लिए वह छुट्टी लेकर घर आया था। पुलिस इस हत्या को पुरानी रंजिश से जोड़कर देख रही है। बता दें कि विक्रांत के परिवार में कुछ दिन पहले हार्टअटैक से एक सदस्य की मौत हुई थी। आज यानि गुरुवार को उसकी तेरहवीं होनी थी।