Road Accident: नीलगाय की चपेट में आने से ग्राम प्रधान के प्रतिनिधि की मौत, सदमे में परिजन
punjabkesari.in Friday, Mar 06, 2026 - 08:20 PM (IST)
सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में थाना सरसावा के अंतर्गत ग्राम सलेमपुर बलवंतपुर में नीलगाय के एक झुंड की चपेट में आने से ग्राम प्रधान के प्रतिनिधि की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
थाना सरसावा प्रभारी प्रवेश शर्मा ने बताया कि ग्राम प्रधान पूनम सैनी के पति सतीश सैनी (56) बृहस्पतिवार रात को अपने खेत पर बिजली की मोटर को बंद करने गये थे। वहां से वापस लौटते समय जब वे सलेमपुर बलवंतपुर गांव में पहुंचे तभी मुख्य सड़क पर अचानक नीलगायों का एक झुंड आ गया और सतीश सैनी की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी जिससे वह नीचे गिर पड़े।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि नीलगायों का झुंड सतीश के ऊपर से उन्हें कुचलता हुआ निकल गया जिससे सतीश बुरी तरह घायल हो गये। घायल अवस्था में सतीश ने हादसे की जानकारी अपने परिजनों को फोन पर दी।
सूचना मिलते ही परिजन तुरन्त घटनास्थल पर पहुंचे और उन्हें रात में ही सहारनपुर के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें उच्च केंद्र ले जाने की सलाह दी। रात में ही सतीश सैनी को उपचार के लिये देहरादून मैक्स हॉस्पिटल ले जाया गया लेकिन रास्ते में ही सतीश सैनी ने दम तोड़ दिया।

