जेसीबी का पंजा लगने पर घायल हुआ मासूम, चालक ने मिट्टी के ढेर में दबा दिया, तीन घंटे तक मिट्टी हटाने के बाद मिला शव
punjabkesari.in Friday, Mar 07, 2025 - 02:42 PM (IST)

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के बलरामपुर निवासी एक मजदूर के बेटे पर जेसीबी चालक ने घायल होने के बाद मिट़्टी डालकर दबा दिया। जिससे मासूम बच्चे की मौत हो गई। पुलिस पूछताछ में जेसीबी चालक ने हकीकत बताई, लेकिन तबतक बहुत देर हो गई थी। पुलिस ने जेसीबी चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
खेलते-खेलते अचानक लापता हुआ बच्चा
इन दिनों एमपी के हरपालपुर में कोतवाली भवन का निर्माण कार्य चल रहा है। मजदूरी के लिए बलरामपुर के पचपेड़वा थाना क्षेत्र के सोनेपुर निवासी शत्रोहन अपनी पत्नी सरिता और चार बच्चों के साथ निर्माण स्थल पर ही रहता है। बुधवार दोपहर दो बजे शत्रोहन ने परिवार संग खाना खाया। जिसके बाद शत्रोहन का उसका सबसे छोटा बेटा रोहन उम्र 6 साल वहीं पास में खेल रहा था। रोहन खेलते-खेलते अचानक कहीं लापता हो गया। काफी देर तलाश करने के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चला। जिसके चलते शत्रोहन ने शाम साढ़े सात बजे पुलिस को इसकी जानकारी दी।
जेसीबी चालक पुलिस को बरगलाने की कोशिश की
पुलिस ने तत्काल गुमशुदगी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस जांच के दौरान कुछ लोगों ने रोहन के मिट्टी के नीचे दबे होने की आशंका जताई। जिसकी बाद पुलिस ने जेसीबी चालक शेखवापुर निवासी वर्षा सिंह उर्फ वीपी यादव से इसे लेकर पूछताछ की। पहले तो जेसीबी चालक पुलिस को बरगलाता रहा, लेकिन फिर हकीकत बयां कर दी।
तीन घंटे तक मिट्टी हटाने के बाद मिला मासूम का शव
मिली जानकारी के मुताबिक जेसीबी से जहां मिट्टी डाली जा रही थी, वहीं रोहन खेल रहा था। इसी दौरान जेसीबी का पंजा उसके सिर में लग गया। जिससे रोहन लहूलुहान होकर गिर पड़ा। घटना को छिपाने के लिए जेसीबी चालक ने रोहन पर मिट्टी डाल दी। इसके बाद जेसीबी चालक ने मासूम पर मिट्टी का ढेर लगा दिया। लगभग 15 घंटे बाद पूछताछ में जेसीबी चालक ने अपना गुनाह कबूल किया। जिसके बाद तीन घंटे तक मिट्टी हटाने के बाद मासूम का शव बरामद हुआ।
शव मिलने पर पुलिसकर्मी भी रो पड़े
बृहस्पतिवार सुबह लगभग नौ बजे रोहन का शव मिल गया। रोहन का शव मिलने पर रात भर उसकी तलाश में हलकान रहे पुलिस कर्मी भी भावुक हो गए। बता दें कि रोहन की गुमशुदगी की रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने उसे ढ़ंढने का हर संभव प्रयास किया। पुलिस ने डॉग स्क्वायड तक मंगवा लिया था। हालांकि डॉग स्क्वायड से कोई सुराग नहीं मिला।