बरेली में रिश्ता तय होने के बाद बड़ा हंगामा! दहेज में 50 लाख की मांग पर टूटी शादी, दोनों पक्षों में मारपीट—6 पर मुकदमा दर्ज

punjabkesari.in Wednesday, Nov 19, 2025 - 12:09 PM (IST)

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां एक लड़की का रिश्ता तय होने के बाद अचानक दहेज विवाद इतना बढ़ गया कि शादी टूट गई और मामला थाने तक पहुंच गया। लड़की के परिवार का आरोप है कि लड़के वालों ने दहेज में 50 लाख रुपए नकद मांगे और मना करने पर गाली-गलौज के साथ मारपीट भी की।

कैसे शुरू हुआ रिश्ता?
बरेली के फरीदपुर क्षेत्र की रहने वाली अंकिता तोमर का रिश्ता नोएडा निवासी शांतनु सोलंकी से तय हुआ था। 12 अक्टूबर को दोनों परिवार एक ढाबे पर पहली बार मिले। लड़का–लड़की दोनों को एक-दूसरे पसंद आए। इसके बाद शादी की तैयारियां शुरू हो गईं। 2 नवंबर को बरेली के एक होटल में शगुन समारोह भी हुआ, जिसमें लड़की वालों ने करीब 35 लाख रुपए खर्च किए।

शगुन के बाद बड़ा ट्विस्ट
शगुन कार्यक्रम के बाद लड़केवालों ने कहा कि वे लड़की का घर भी देखना चाहते हैं और शादी से जुड़ी बाकी बातों पर चर्चा करना चाहते हैं। यह बात लड़की वालों ने मान ली। शाम करीब 6:30 बजे लड़का शांतनु सोलंकी अपनी मां और परिवार के अन्य लोगों के साथ लड़की के घर पहुंचा।

दहेज में 50 लाख की मांग
लड़की के परिवार का आरोप है कि जैसे ही लड़के वाले बैठे, उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि शादी तभी होगी, जब 50 लाख रुपए नकद दहेज दिया जाएगा। लड़की वाले इतने बड़े दहेज की रकम देने में असमर्थ थे। उन्होंने मनाकर कहा कि वे नकद दहेज नहीं देंगे।

माहौल बिगड़ा, लड़के वालों ने की मारपीट!
इस बात पर लड़का शांतनु और उसके रिश्तेदार गुस्सा हो गए। आरोप है कि शांतनु ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, मना करने पर लड़केवालों ने गाली-गलौज की फिर धक्का-मुक्की और मारपीट करने लगे और कहा कि बिना पैसे के शादी नहीं होगी। पुलिस बुलाने की बात पर जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। इस हंगामे के बाद लड़की वालों ने थाने में शिकायत दी।

मुकदमा दर्ज
फरीदपुर थाना पुलिस ने लड़की पक्ष की तहरीर के आधार पर शांतनु सोलंकी सहित कुल 6 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर राधेश्याम के अनुसार, दहेज मांगने, धमकी देने, गाली-गलौज और मारपीट के गंभीर आरोपों की जांच की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static