बिकरू कांड: मास्टरमाइंड विकास दुबे अब भी फरार, 2 महिलाओं समेत 3 और गिरफ्तार

punjabkesari.in Tuesday, Jul 07, 2020 - 03:12 PM (IST)

कानपुर: उत्तर प्रदेश कानपुर के बिकरू गांव में पिछले हफ्ते पुलिस पर घात लगाकर किए गए हमले का मास्टरमाइंड विकास दुबे अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है मगर इस मामले में तीन और लोग गिरफ्तार किए गए हैं। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।

पुलिस के एक प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि बिकरू कांड मामले में विकास की एक करीबी रिश्तेदार क्षमा, विकास के पड़ोसी सुरेश वर्मा और नौकरानी रेखा को गिरफ्तार किया गया है। रेखा गत रविवार को गिरफ्तार किए गए विकास के गुर्गे दयाशंकर अग्निहोत्री की पत्नी है। अब तक इस मामले में 4 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। हालांकि पुलिस पर घात लगाकर हमला करने वाले 17 अभियुक्त अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।

इस बीच, भाजपा विधायकों भगवती सागर और अभिजीत सांगा ने आपराधिक मामलों में राहत दिलाने के विकास दुबे के दावों को गलत बताया है। दोनों ने मामले की जांच की मांग की है। दरअसल, दुबे का एक वीडियो सामने आया है जिसमें उसने वर्ष 2017 में एसटीएफ द्वारा पूछताछ में इन विधायकों का नाम लेकर कहा है कि वे दोनों उसके खिलाफ दर्ज मुकदमों से उसका नाम हटवाते थे।

वीडियो में विकास कह रहा है कि बिल्हौर से भाजपा विधायक भगवती प्रसाद सागर और बिठूर से इसी पार्टी के विधायक अभिजीत सिंह सांगा, जिला पंचायत अध्यक्ष और कई गांवों के प्रधान उसके खिलाफ दर्ज मुकदमों से उसका नाम निकलवाने के लिए उसके पक्ष में शपथ पत्र देते थे।

गौरतलब है कि गत दो-तीन जुलाई की दरमियानी रात करीब एक बजे चौबेपुर थाना क्षेत्र के बिकरू गांव में गैंगस्टर विकास दुबे को पकड़ने गई पुलिस टीम पर उसके साथियों ने घात लगाकर हमला किया था। इस वारदात में बिल्हौर के पुलिस उपाधीक्षक देवेंद्र मिश्रा, तीन दारोगा और चार कांस्टेबल सहित कुल 8 जवान शहीद हो गए थे।

इस मामले में चौबेपुर के थानाध्यक्ष विनय तिवारी, दरोगा कुंवर पाल तथा कृष्ण कुमार शर्मा और कांस्टेबल राजीव को निलंबित कर दिया गया है। उन पर पुलिस दल के दबिश देने के लिए जाने की सूचना विकास दुबे को देने का आरोप है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Umakant yadav

Recommended News

Related News

static