भाजपा की सरकारें योजनाएं बनाते ही भ्रष्टाचार शुरू कर देती हैं: Akhilesh

punjabkesari.in Saturday, Apr 06, 2024 - 08:34 PM (IST)

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष और उत्‍तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को दावा किया कि समाजवादी सरकारों ने उत्तर प्रदेश को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाते हुए बड़ी सोच एवं बड़े लक्ष्य के साथ विकास कार्य किये हैं। साथ ही उन्‍होंने आरोप लगाया कि भाजपा की सरकारें योजनाएं बनाते ही भ्रष्टाचार शुरू कर देती हैं तथा भाजपा की जितनी नीतियां और योजनाएं बनी हैं वे लूट और भ्रष्टाचार का केन्द्र रही हैं। शनिवार को सपा प्रमुख ने यहां जारी एक बयान में कहा, ''समाजवादियों ने देश और जनता के लिए हमेशा बड़े विजन के साथ काम किया है। दूसरी तरफ भाजपा सरकार ने विकास कार्य रोकने का कार्य किया।'

यादव ने आरोप लगाया, ''भाजपा की सोच संकुचित है। भाजपा सरकार में जो भी काम हुए उनमें भारी भ्रष्टाचार हुआ।'' पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन प्रधानमंत्री जी द्वारा किया गया था लेकिन उद्घाटन के साथ ही वह टूट गया था क्योंकि उसमें जमकर कमीशनखोरी हुई थी। यादव ने यह भी आरोप लगाया,‘‘भाजपा की सरकारें योजनाएं बनाते ही भ्रष्टाचार शुरू कर देती हैं।

भाजपा की जितनी नीतियां और योजनाएं बनी हैं वे लूट और भ्रष्टाचार का केंद्र रही हैं। नोटबंदी, चुनावी बॉण्ड सबसे बड़े भ्रष्टाचार के उदाहरण हैं।'' उन्‍होंने कहा , ''समाजवादियों के कार्य आज भी देश और जनता के काम आ रहे हैं। देश के सबसे बड़े आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर पहली बार लड़ाकू विमानों की लैंडिंग के लिए हवाई पट्टी का निर्माण कराया गया।

सपा नेता ने कहा, ''आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे में उन्नाव के पास हवाई पट्टी बनायी गयी थी जिस पर आज भी लड़ाकू विमान मिग, सुखोई अभ्यास कर रहे हैं। यह एक्सप्रेस-वे देश की सामरिक जरूरतों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।'' यादव ने कहा, '' समाजवादी पार्टी और भाजपा की सरकारों में यही अंतर है। समाजवादी पार्टी आपात स्थिति में देश की रक्षा के लिए लड़ाकू विमान उतारने के लिए मजबूत सड़के बनाती है और भाजपा जुमलों के कागज से बने झूठे हवा हवाई जहाज उड़ाती है।''

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा,''समाजवादी सरकार में इस एक्सप्रेस-वे का निर्माण रिकार्ड समय सिर्फ 22 महीने में तैयार हुआ था। निर्माण कार्य पूरा होने के समय भारतीय सेना ने एक्सप्रेस-वे की हवाई पट्टी पर भारत के सबसे शक्तिशाली सुखोई, मिराज, हरक्यूलिस जैसे विमानों को उतार कर अपनी ताकत का एहसास कराया। उस समय देश के पूर्व रक्षा मंत्री रहे नेताजी मुलायम सिंह यादव मौजूद रहे।'' सपा प्रमुख ने कहा कि कि समाजवादियों को इस बात का गर्व है कि उनकी सरकार में बनाये गये एक्सप्रेस-वे सदियों तक देश की सुरक्षा जरूरतों के काम आयेगा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Recommended News

Related News

static