ससुरालियों को नींद की गोलियां देकर प्रेमी संग रफू चक्कर हुई महिला, दुधमुंहे बच्‍चे को भी छोड़ा

punjabkesari.in Thursday, Nov 17, 2022 - 05:12 PM (IST)

शाहजहांपुर: यूपी के शाहजहांपुर में पुलिस ने एक ऐसी महिला को गिरफ्तार किया है, जो पति व सास-ससुर को बेहोश कर प्रेमी संग फरार हो गई थी। इतना ही नहीं महिला अपने दुधमुंहे बच्‍चे को भी छोड़कर चली गई। पुलिस ने महिला को उसके प्रेमी के साथ गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में महिला ने बताया कि शादी से पहले ही उसका प्रेम प्रसंग हो गया था।

जानिए क्या है मामला? 
मामला कांट थाना क्षेत्र के मुहल्ला पट्टी का है। यहां पूर्वी निवासी विकास कुमार की 5 मई 2021 को जलालाबाद कस्बा निवासी शोभा के साथ हुई थी। तीन माह पहले शोभा ने बेटे को जन्म दिया था। 13 नवंबर सुबह करीब सात बजे शोभा ने चाय में नींद की गोलियां मिलाकर पति विकास, ससुर मेवाराम व सास सदावती को पिला दी। तीनों लोग जब बेहोश हो गए तो शोभा घर में रखे करीब साढ़े 4 लाख रुपए कीमत के जेवर व नकदी लेकर अपने प्रेमी कांट थाना क्षेत्र के तकिया मुहल्ला निवासी अहसान उर्फ पंगा के साथ भाग गई। अपने 3 महीने के दूधमुंहे बच्चे को भी छोड़ गई।

पुलिस ने महिला और प्रेमी को भेजा जेल
बेहोशी से बाहर आने के बाद विकास को जानकारी हुई तो उसने  अहसान उर्फ पंगा, उसके भाई जीशान व नन्हें के खिलाफ प्राथमिकी पंजीकृत कराई। पुलिस ने गुरुवार को शोभा व उसके प्रेमी को रोडवेज बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पास जेवर भी बरामद हुए। प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि दोनों को जेल भेजा जा रहा है।

प्रेमी ने ही लाकर दी थी नींद की गोलियां- महिला 
पूूछताछ में शोभा ने बताया कि जब वह तीन साल पहले इंटरमीडिएट की पढ़ाई कर रही थी तो उसका इंस्टाग्राम के जरिये अहसान से प्रेम प्रसंग हो गया था। दोनों के बीच जब नजदीकियां बढ़ गई तो उसके माता-पिता ने पाबंदी लगाना शुरू कर दी थी, लेकिन, शादी होने के बाद वह फिर अपने प्रेमी से मिलने लगी थी। अहसान ने ही उसे नींद की गोलियां लाकर दी थी। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tamanna Bhardwaj

Recommended News

Related News

static