UP में बेखौफ बदमाश हुए बेलगाम, मुंबई से आए किशोर की गोली मारकर हत्या

punjabkesari.in Friday, Jul 19, 2019 - 10:27 AM (IST)

अलीगढ़ः उत्तर प्रदेश में बेखौफ बदमाशों के हौसले इतने बुलंद है कि वह आए दिन आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। उन्हें तो इस बात का भी डर नहीं है कि वह पकड़े जा सकते हैं। वह खुलेआम पुलिस की व्यवस्था को चुनौती देते नजर आ रहे हैं। ताजा मामला अलीगढ़ का है। यहां मुंबई से कुछ दिन पहले गांव आए एक किशोर की दबंगों ने गोली मारकर हत्या कर दी। 

जानकारी के मुताबिक, भूरेलाल का 17 वर्षीय बेटा अरुण सिंह मुंबई में रहकर मेहंदी लगाने का काम करता था। कुछ दिन पहले अरुण शादी में शामिल होने मुंबई से अपने गांव भोजपुर नगला आया था। अरुण और विनोद तेजपुर गांव के ठेके पर दोपहर शराब लेने गए थे। उसी समय पड़ोसी गांव गढ़िया निवासी दबंग अपराधी भोलू ठाकुर अपने साथियों के साथ वहां शराब पी रहा था। वहां उसकी विनोद से कहासुनी हो गई। बात बढ़ने पर भोलू ने उसके साथ मारपीट की। उस समय वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था।

लोगों ने हमलावरों पर पथराव कर खदेड़ा
इसी बात को लेकर शाम करीब 6 बजे भोलू अपने साथियों के साथ भोजपुर पहुंचा और वहां अरुण और विनोद को गालियां देते हुए उन्हें धमकाने लगा। लोगों ने विरोध किया और जब बात बढ़ी तो भोलू ने अपने पास मौजूद हथियार से फायरिंग कर दी। इस पर लोगों ने हमलावरों पर पथराव कर उन्हें खदेड़ दिया। इस बीच एक गोली अरुण कुमार को लग गई। गंभीर हालत में उसे निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार अरुण की मौत की खबर जैसे ही गांव में पहुंची तो बड़ी संख्या में लोग लाठी-डंडे लेकर जवां नहर पर पहुंच गए और वहां जाम लगा दिया।

बड़ी संख्या में लोगों ने लगाया जाम
ग्रामीण अरुण की लाश भी लेकर वहां पहुंच गए और वहीं शव रखकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसी बीच संबंधित थाना प्रभारी और डायल 100 की पुलिस वहां पहुंचीं। गुस्साएं लोगों ने उनपर पथराव कर दिया। लोगों ने पुलिस के वाहनों समेत कुछ निजी वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आकाश कुलहरि अन्य अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया।

पुलिस प्रशासन के खिलाफ की नारेबाजी
गुस्साएं ग्रामीणों ने पुलिस अधिकारियों से बात नहीं कि और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तत्काल मुख्य आरोपी भोलू की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। काफी देर बाद अधिकारियों के समझाने पर रात करीब साढ़े दस बजे जाम खुल सका। इस मामले में 3 नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। पुलिस आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Deepika Rajput

Recommended News

Related News

static