नक्सल ऑपरेशन के दौरान जवान को कांटा कोबरा सांप, इलाज के दौरान चली गई जान
punjabkesari.in Thursday, Oct 02, 2025 - 01:27 PM (IST)

देवरिया ( विशाल चौबे ): झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा इलाके से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन के दौरान CRPF की कोबरा 209 बटालियन के जवान संदीप कुमार को अचानक एक कोबरा सांप ने काट लिया। इलाज के दौरान उनकी हालत बिगड़ती चली गई और अंततः उन्होंने शहादत दे दी।
2022 में हुई थी भर्ती
उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद के करौता गाँव के निवासी संदीप कुमार की भर्ती वर्ष 2022 में CRPF में हुई थी। जवान संदीप कुमार नक्सलियों के खिलाफ चल रहे अभियान का हिस्सा बने हुए थे। इसी दौरान जंगल से गुजरते समय उन्हें सांप ने काट लिया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रांची ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी।
गोरखपुर पहुंचा पार्थिव शरीर
शहीद जवान का पार्थिव शरीर गुरुवार सुबह 9:30 बजे गोरखपुर एयरपोर्ट पर लाया गया। वहाँ से सड़क मार्ग द्वारा उनके पैतृक गाँव करौता (जनपद देवरिया) पहुँचाया जा रहा है। इस दौरान रास्ते भर लोगों की भीड़ उन्हें श्रद्धांजलि देने उमड़ रही है।
गमगीन परिवार, उमड़ा जनसैलाब
करौता गांव में हजारों की संख्या में लोग शहीद को अंतिम दर्शन करने के लिए पहुँच रहे हैं। परिवार के लोग गम में डूबे हुए हैं। वहीं स्थानीय जनप्रतिनिधि और अधिकारी परिवार को ढांढस बंधाने में लगे हैं।
पूरे देश में शोक की लहर
शहीद संदीप कुमार की शहादत से CRPF और स्थानीय प्रशासन के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है।
वीरता की मिसाल
संदीप कुमार ने मात्र तीन वर्षों की सेवा gअवधि में ही अपनी वीरता और कर्तव्यनिष्ठा से देशवासियों के दिलों में जगह बना ली। वे अंतिम क्षण तक देश सेवा में डटे रहे। उनका बलिदान हमेशा याद किया जाएगा।