दरिंदगीः महिला सुरक्षाकर्मी से सामूहिक दुष्कर्म, पीड़िता ने जहर खाकर जान देने की कोशिश की
punjabkesari.in Monday, Aug 28, 2023 - 10:10 AM (IST)

गाजियाबादः यूपी के गाजियाबाद में 19 वर्षीया महिला सुरक्षा कर्मी से सुपरवाइजर ने अकेले में बुलाकर पहले मारपीट की इसके बाद दो साथियों की मदद से उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना से आहत होकर पीड़िता ने जहर खाकर जान देने की कोशिश की। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां नाजुक हालत होने पर उसे एम्स में रेफर कर दिया गया। वहीं, पुलिस ने पीड़िता के मौसेरे भाई की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है जबकि दो आरोपी अभी तक पुलिस की गिरफ्त से दूर है।
घटना से आहत पीड़िता ने जहर खाकर जान देने की कोशिश की
घटना क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र के सृष्टि हाउसिंग सोसाइटी का है। यहां पर झारखंड निवासी 19 वर्षीय युवती बतौर सिक्योरिटी गार्ड काम करती है। वो अपनी मौसी के पास इसी क्षेत्र में किराए के मकान में रहती है। रविवार दोपहर को पीड़िता के मौसेरे भाई ने डायल-112 को फोन करके इस घटना की सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही सहकर्मियों ने पीड़िता को शाहबेरी के वृंदावन हॉस्पिटल के आईसीयू में भर्ती कराया। यहां से गंभीर हालत देख उसे एम्स दिल्ली के लिए रेफर कर दिया। मौसेरे भाई ने पुलिस को बताया है कि सिक्योरिटी सुपरवाइजर अजय और दो अज्ञात युवकों ने सोसाइटी के बेसमेंट में महिला सुरक्षाकर्मी से दुष्कर्म किया है। एसीपी वेब सिटी सलोनी अग्रवाल के मुताबिक, महिला सुरक्षा कर्मी से सामूहिक दुष्कर्म किए जाने की बात सामने आई है।
मुख्य आरोपी अजय सिंह गिरफ्तार, अन्य 2 फरार
मुख्य आरोपी अजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी अन्य दो की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया गया है। बताया पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार दविश दे रही है। जल्द ही दोनों आरोपियों को पकड़ा जाएगा। पुलिस पूरे मामले की बिंदुवार जांच कर रही है। इससे आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके।
आरोपी सुपरवाइजर ने काम के बहाने बेसमेंट में बुलाया
एक सिक्योरिटी गार्ड ने बताया, दोपहर में सुपरवाइजर अजय सिंह का फोन आया और कुछ काम के बहाने पीडिता को अंदर बेसमेंट में बुलाया। इसके बाद पीड़िता करीब आधा घंटे बाद लौटी, तभी से गुमसुम थी। ज्यादा पूछने पर उसने सच्चाई बता दी। परिजनों का आरोप है कि सोसायटी के कर्मचारियों ने मिलीभगत कर मारपीट के बहाने से आरोपियों को भगा दिया। पीड़िता के परिजनों ने आरोपियों को पकड़कर सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।