अधिक बारिश होने की वजह से फसल हो गई बर्बाद, बर्दाशत नहीं कर पाया किसान, फांसी लगाकर दे दी जान
punjabkesari.in Monday, Sep 22, 2025 - 03:17 PM (IST)

मैनपुरी: यूपी के मैनपुरी से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां पर बीते दिनों हुई ज्यादा बारिश की वजह से एक किसान की धान की फसल बर्बाद हो गई। इससे किसान बहुत दुखी हो गया, उसे कोई रास्ता नजर नहीं आ रहा था। आखीर उसने मौत का ही रास्ता चुन लिया और फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उनका शव पेड़ पर फंदे से लटका हुआ मिला।
तैयार हो चुकी फसल हो गई बर्बाद
बता दें कि किशनी के गांव परतापुर के रहने वाले किसान का शव रविवार सुबह पेड़ पर फंदे से लटका मिला। दरअसल, 42 साल के उमेश यादव ने इस बार धान की फसल की थी, फसल तैयार हो चुकी थी। कटाई हो पाती, इससे पहले ही बारिश में फसल बर्बाद हो गई। शनिवार की रात को उमेश खेत पर रखवाली के लिए गए थे। रविवार की सुबह परिजन को सूचना मिली कि उनका शव खेत में लगे पाकर के पेड़ पर फंदे से लटका हुआ है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
जब परिवार वालों को उनकी मौत की खबर मिली तो परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में भी हड़कंप मच गया। जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। वहीं, एसडीएम किशनी गोपाल शर्मा ने बताया कि लेखपाल को भेजकर रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट आने के बाद पीड़ित परिवार को संभावित सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।