लुटेरी दुल्हन 4 साथियों के साथ गिरफ्तार, शादी के दो दिन बाद नकदी-कीमती जेवरात लेकर हुई थी फरार

punjabkesari.in Tuesday, Aug 02, 2022 - 06:29 PM (IST)

फर्रुखाबाद: जिले में शादी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शादी के दो दिन बाद घर से 50 हजार की नकदी व 1.70 लाख के कीमती जेवरात लेकर दुल्हन फरार हुई थी। पुलिस, गिरोह के 3 दलाल एवं 2 युवतियों को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है।  

थाना कमालगंज के ग्राम कडहर निवासी विनोद पुत्र मंसाराम ने थाना जहानगंज की दान मंडी निवासी अशोक दीक्षित, ग्राम न्यामतपुर ठाकुरान निवासी पाल व उनके साथी भोले शुक्ला, सोनू सिंह, सुषमा कश्यप, रूबी एवं लक्ष्मी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। विनोद एवं अशोक की ललुआमऊ में रिश्तेदारी है जिसके कारण दोनों में जान पहचान हो गई। अशोक ने विनोद से कहा कि हम तुम्हारी शादी रूबी से करवा देंगे। अविवाहित होने के कारण विनोद तुरंत ही शादी करने को राजी हो गया। अशोक ने भोले शुक्ला, मोनू सिंह से परिचय कराया। जिन्होंने विनोद को बताया कि रूबी की मौसी सुषमा की मध्यस्थता में शादी होगी। तुम्हें डेढ़ लाख रुपए पहले देने होंगे। विनोद ने खेत को गिरवी रख कर रुपयों की व्यवस्था की और डेढ़ लाख रुपए एक जुलाई को सुषमा एव रूबी को दे दिये। उसी दिन विनोद की रूबी से शादी कराई गई व 3 जुलाई की रात रूबी विनोद के घर से 50 हजार की नकदी व 1.70 लाख कीमती जेवरात तथा मोबाइल फोन लेकर गायब हो गई। जानकारी करने पर विनोद को पता चला कि इस गिरोह के लोग शादी के नाम पर लाखों रुपयों की ठगी करते हैं।

विनोद ने अशोक के घर जाकर शिकायत की तो अशोक ने विनोद को गाली देकर भगा दिया। पुलिस ने रूबी उर्फ पूजा अशोक दीक्षित, लक्ष्मी उर्फ खुशबू सहित 5 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। दलालों ने पुलिस को कई साथियों के नाम पर लाखों रुपए ठगी किए जाने की जानकारी दी है।

सीओ प्रदीप कुमार ने बताया कि विनोद की लिखित शिकायत की थी कि उसके साथ शादी के नाम पर धोखा हुआ है। शादी से पहले हमसे डेढ़ लाख रुपये लिए गए और शादी के बाद दुल्हन ने पैसे और गहने लेकर फरार हो गई। शिकायक के आधार पर आज पुलिस ने 3 दलाल समेत दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है जिनके खिलाफ सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।


 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ajay kumar

Recommended News

Related News

static