सुलतानपुर में निर्माणाधीन मकान का लिंटर गिरा, 7 मजदूर दबे; 2 की मौत - हादसे ने मचाई दहशत
punjabkesari.in Tuesday, Sep 23, 2025 - 07:19 AM (IST)

Sultanpur News: उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले के लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के धरियामऊ गांव में देर रात एक बड़ा हादसा हुआ। जहां एक निर्माणाधीन मकान का लेंटर अचानक गिर गया। लेंटर के मलबे के नीचे काम कर रहे कुल 7 मजदूर दब गए। इस घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
बचाव में जुटी पुलिस और अधिकारी
मौके पर पहुंची पुलिस और जिला प्रशासन की टीम ने मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला और उन्हें अस्पताल पहुंचाया। इसमें से दो मजदूरों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बाकी घायल मजदूरों का इलाज सुलतानपुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
हादसे का कारण और स्थिति
जिलाधिकारी कुमार हर्ष ने बताया कि यह हादसा राम तीरथ धुरिया के मकान की छत बनाते समय हुआ। छत की ढलाई करते वक्त लेंटर गिर गया, जिससे जोरदार आवाज हुई। आसपास के लोगों को ऐसा लगा जैसे कोई बड़ा धमाका हुआ हो।
मजदूरों की हालत
बताया जा रहा है कि कुल 5 मजदूर शटरिंग का काम कर रहे थे और मिक्सर मशीन के साथ कुल 12 लोग मौजूद थे। इनमें से करीब 8 लोग घायल हैं। तीन गंभीर रूप से घायल मजदूरों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लंभुआ में भर्ती कराया गया है, जिनमें से एक की हालत गंभीर है और उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
स्थानीय लोगों की प्रतिक्रिया
गांव के लोग बताते हैं कि हादसे के समय छत अचानक भरभराकर नीचे गिर गई। मजदूरों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और बचाव कार्य में मदद करने लगे। प्रशासन ने भी राहत और बचाव के सभी आवश्यक कदम उठाए हैं।